ग़ाज़ियाबाद : संवाददाता गुरमीत सिंह। जनपद में दुर्घटना की संभावना को न्यून करने एवं रोक लगाने के उद्देश्य से, एवं सड़कों को गड्ढा मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। 

बैठक में जनपद की सड़कों की वर्तमान स्थिति, गड्ढा मुक्ति अभियान, दुर्घटना सम्भावनों पर रोक लगाने की प्रक्रिया की प्रगति तथा शेष कार्यों की समीक्षा की गई। 

बताते चलें कि हाल ही में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में जलभराव के कारण हुई मृत्यु की घटना के दृष्टिगत जनपद में निर्माणाधीन मॉल एवं बहुमंजिला भवनों / इमारतों, सडकों पर खुले गढे, तालाब, पोखर/सीवर, क्षतिग्रस्त डिवाइडर, पुल व अन्य सभी प्रकार के दुर्घटना संभावित क्षेत्र आदि को चिन्हित कर सूचना उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना की संभावना को न्यून करने के सम्बंध में पूर्व में भी बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधोहस्ताक्षरी द्वारा सूचनाएँ उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। जिसके क्रम में यह बैठक आहूत हुई।

बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद की अधिकांश सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जा चुका है। शेष 83 स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां शीघ्र ही मरम्मत कार्य पूर्ण किया जाएगा। कई स्थानों पर टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा शेष स्थानों पर भी निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। चिन्हित 83 स्थानों में लोक निर्माण विभाग – 20 स्थान, नगर निगम गाजियाबाद – 26 स्थान, यूपीसीडा – 5 स्थान, नगर पालिकाएं – 26 स्थान, आवास विकास – 01 स्थान, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण – 05 स्थान हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों की मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में किसी भी सड़क पर विभागीय लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होती है तो उसकी संपूर्ण जवाबदेही संबंधित विभाग की होगी। 

अधोहस्ताक्षरी द्वारा सभी विभागों को यह निर्देश दिये गये कि अपने क्षेत्रान्तर्गत पुनः ऐसी जगहों का चिन्हांकन कर लिया जाये जहां दुर्घटना होने की संभावना रहती है तथा उन जगहों पर इस प्रकार के पर्याप्त उपाय किये जाये कि इस प्रकार की दुर्घटना किसी भी दशा में न होने पाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी चिन्हित स्थानों पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जाए। साथ ही, जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और सभी विभागधिकारियों ने जनपद को गड्ढा मुक्त एवं सुरक्षित बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।



Share To:

Post A Comment: