ग़ाज़ियाबाद : दिनेश जमदग्नि। राजनगर एक्सटेंशन हम-तुम रोड पर नाले एवं सड़क की अत्यंत दयनीय स्थिति से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह टूटी सड़क, खुले नाले, जलभराव एवं गंदगी के कारण दिव्यांगों, राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, बीमार व्यक्ति तथा वाहन चालकों की जान हमेशा खतरे में बनी रहती है। राजनगर एक्सटेंशन में नगर निगम हाउस टैक्स की वसूली की देयता की मांग कर रहा है दूसरी तरफ सुविधाओं के नाम पर स्थिति बदहाल है।
मोती रेज़िडेंसी के निवासी तथा समाजसेवी अनिल शर्मा ने इस गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। बरसात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
देखें वीडियो: -
पेशे से इंजिनियर अनिल शर्मा ने मांग की कि हम तुम रोड पर नाले की तत्काल साफ-सफाई, ढकाव एवं सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो नागरिकों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या को प्राथमिकता में लेते हुए जल्द से जल्द ठोस और स्थायी समाधान किया जाए।
* गडढो से युक्त सड़क—मौत को दे रही है खुला निमंत्रण: -
गहरे गड्ढो से युक्त सड़क मौत को निमंत्रण दे रही है। क्या गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के एक बयान/आश्वासन देने मात्र से दुर्घटनाएँ रुक जाएँगी? क्या यही है गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम प्रशासन की जिम्मेदारी?
रोज़ाना इस रास्ते से सैकड़ों लोग गुजरते हैं —बुजुर्ग, दिव्यांग, बच्चे, मरीज, महिलाएँ, वाहन चालक। ज़रा सी चूक और सीधा मौत के मुँह में गिरने का खतरा।
बड़ा सवाल ये है कि क्या हादसा होने के बाद ही कार्रवाई होगी क्या किसी की जान जाएगी, तब जागेगा सिस्टम?
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम प्रशासन से मांग:
✅ तुरंत सड़क का निर्माण कराया जाए
✅ स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए
✅ केवल दिखावे की रस्में बंद हों
जिम्मेदार अधिकारियों को समझना चाहिए कि जनता की जान सस्ती नहीं है। अब लापरवाही नहीं चलेगी। नगर निगम प्रशासन को समाचार पत्रों में अन्य माध्यमों से स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों तथा मीडिया जगत द्वारा कई बार सूचना दी जा रही है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। यदि भविष्य में नोएडा जैसी दुर्घटना हो जाती है तो नगर निगम प्रशासन पूर्ण रूप से जिम्मेदार होगा एवं माना जाएगा।




Post A Comment: