ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि:

ग़ाज़ियाबाद। ऐतिहासिक घंटाघर (पुरानी मुंसफी, नया गंज) परिसर में स्थापित अमर शहीद भगत सिंह जी की प्रतिमा के पास फैली गंदगी और रखरखाव के अभाव को लेकर 'टीम 100 गाजियाबाद' ने गहरा असंतोष व्यक्त किया है। संस्था के प्रमुख डॉ. सुनील वैद्य ने इस संबंध में गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त को एक औपचारिक शिकायत पत्र भेजकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम को भेजी गई शिकायत (संदर्भ संख्या/ID: 2610068360087124) में डॉ. सुनील वैद्य ने कहा कि देश के गौरव और महापुरुषों के सम्मान को बनाए रखना हम सभी का सामूहिक कर्तव्य है। अत्यंत खेद का विषय है कि वर्तमान में इस ऐतिहासिक स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद दयनीय है।

धूल और मिट्टी से ढकी महापुरुष की प्रतिमा: -

डॉ. वैद्य ने बताया कि कुछ समय पूर्व प्रतिमा को तिरंगे के रंग के कपड़ों और फूलमालाओं से सजाया गया था। देखरेख न होने के कारण अब ये सजावटी कपड़े पूरी तरह मिट्टी और धूल से सन चुके हैं और मालाएं भी सूखकर बदहाल हो चुकी हैं। इस प्रकार की अनदेखी न केवल राष्ट्रीय नायकों का अनादर है, बल्कि गाजियाबाद के जागरूक नागरिकों की भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाती है।

 'टीम 100 गाजियाबाद' की मुख्य मांगें:

   1. घंटाघर स्थित शहीद भगत सिंह प्रतिमा स्थल और उसके आसपास तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।

   2. गंदे हो चुके सजावटी कपड़ों और सूखी मालाओं को तुरंत ससम्मान हटाकर नया रूप दिया जाए।

   3. भविष्य के लिए इस परिसर में नियमित सफाई और स्थाई रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

संस्था ने कहा है कि नगर निगम/ प्रशासन  को  इस संवेदनशील मामले में त्वरित हस्तक्षेप करना चाहिए।



Share To:

Post A Comment: