ग़ाज़ियाबाद। परिवहन विभाग द्वारा जनपद गाजियाबाद में निजी /अनधिकृत रूप से संचालित एम्बुलेंस वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य एम्बुलेंस वाहनों का नियमानुसार संचालन सुनिश्चित कराने के साथ-साथ मरीजों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा विभिन्न चिकित्सालयों, निजी चिकित्सा संस्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर संचालित एम्बुलेंस वाहनों की सघन जांच की गई। जांच में वाहनों के पंजीकरण, फिटनेस, बीमा, परमिट तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।
सोमवार 5 अक्टूबर को संचालित विशेष अभियान के दौरान कुल 26 एम्बुलेंस वाहनों के चालान किए गए तथा नियम विरुद्ध / अनियमित रूप से संचालित पाए गए 06 एम्बुलेंस वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया। संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
परिवहन विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि निजी चिकित्सालयों एवं चिकित्सा संस्थानों के स्वामित्व अथवा अनुबंध में संचालित एम्बुलेंस वाहन वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। बिना वैध अनुमति के संचालित अथवा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्यवाही की जाएगी।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा से जुड़े वाहनों के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। अभियान को आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रखते हुए नियम विरुद्ध संचालित एम्बुलेंस वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





Post A Comment: