दिनेश जमदग्नि ब्यूरो चीफ:

ग़ाज़ियाबाद। थाना नंदग्राम क्षेत्र के अंतर्गत 100 फुट्टा रोड, सेवा नगर स्थित इंडोफास्ट स्वैप एनर्जी (Swap Energy) के स्टेशन पर बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। 9 नवंबर की रात करीब 3 बजे एक गाड़ी में सवार होकर आए चार बदमाशों ने वहां तैनात ऑपरेटर को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद उसे डरा-धमकाकर स्टेशन से 12 बैटरियां निकाल  लीं और जाते वक्त ऑपरेटर को हिंडन नदी के पास ले जाकर फेंक दिया।

चाकू की नोक पर बनाया बंधक: -

मिली जानकारी के अनुसार, सेवा नगर में इंडोफास्ट स्वैप एनर्जी के चार स्टेशन लगे हुए हैं। बीती 9 नवंबर की रात करीब 3 बजे एक चार पहिया गाड़ी में चार शातिर बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने तुरंत ड्यूटी पर मौजूद ऑपरेटर को घेर लिया और चाकू की नोक पर उसे बंधक बना लिया। ऑपरेटर के विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह पूरी तरह बेबस हो गया।

बदमाशों ने स्टेशन के अंदर से 12 कीमती बैटरियां निकालीं और उन्हें अपनी गाड़ी में लाद लिया। इसके बाद बदमाश ऑपरेटर को भी जबरन अपने साथ ले गए और उसे हिंडन नदी के पास ले जाकर फेंक दिया। किसी तरह अपनी जान बचाकर ऑपरेटर ने घटना की सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी: -

घटना के तुरंत बाद मौके से ही डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ऑपरेटर से पूछताछ कर बदमाशों का हुलिया जानने की कोशिश की। साथ ही, आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों और उनकी गाड़ी की पहचान की जा सके।



Share To:

Post A Comment: