17 नवम्बर को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपना नाम अवश्य जांचें, नाम न होने पर भरें फॉर्म-6: जिला निर्वाचन अधिकारी
ग़ाज़ियाबाद: 14 नवंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने एवं मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड की अध्यक्षता में आरके मंगलम वर्ल्ड स्कूल, इंदिरापुरम में विभिन्न आवासीय सोसायटियों के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग ईसीआई नेट ऐप अवश्य डाउनलोड करें तथा 17 नवम्बर, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत उसमें अपना नाम अवश्य जांचें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण कराए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान करना प्रत्येक नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार को सुनिश्चित कराना जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में मेरा दायित्व है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने एओए एवं आरडब्ल्यूए के अध्यक्षों एवं सचिवों से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूक एवं जिम्मेदार पदों पर हैं। इसलिए आपकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि अपनी सोसायटियों एवं आवासीय क्षेत्रों में निवासरत प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए सक्रिय पहल करें। सोसायटियों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं तथा सभी निवासियों को ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन करें तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में किसी प्रकार का संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरें। इस कार्य में संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से भी आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद ने सभी एओए एवं आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपनी सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में लें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और आप सभी के सहयोग से मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।



Post A Comment: