त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले बाइक चालकों को दी चेतावनी
ग़ाज़ियाबाद। त्योहारों के मद्देनजर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 की शाम को नीतिखंड चौकी, इंदिरापुरम पुलिस ने स्वर्णजयंती पार्क चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी।
चेकिंग अभियान के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाने वाले तथा एक ही मोटरसाइकिल पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले लोगों को रोककर नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की अपील भी की।
इस संबंध में सब-इंस्पेक्टर अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।





Post A Comment: