ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि:
ग़ाज़ियाबाद। वार्ड-19, ग्राम बौंहजा में श्री हनुमान मार्ग पर ब्लैक जिम से ठीक पहले, बौंहजा की तरफ आने वाले लगभग 10 मीटर के सड़क के टुकड़े की स्थिति अत्यंत जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुकी है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले लगभग 1 वर्ष से इस मार्ग के निर्माण हेतु क्षेत्रीय विधायक सहित संबंधित जनप्रतिनिधियों से लगातार अनुरोध किया जा रहा है, परन्तु अभी तक स्थायी निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
बौंहजा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए गाजियाबाद नगर निगम से संपर्क करने का प्रयास शुरू कर दिया है।
एसोसिएशन का कहना है कि संपूर्ण सड़क का निर्माण जब होगा तब होगा, लेकिन उक्त 10 मीटर का क्षतिग्रस्त हिस्सा प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाना नितांत आवश्यक है, क्योंकि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दिव्यांगजन, स्कूली बच्चे, वृद्धजन, बीमार व्यक्ति एवं महिलाओं का आवागमन होता है। क्षतिग्रस्त सड़क के कारण आए दिन फिसलने, गिरने और चोटिल होने की घटनाएं हो रही हैं, विशेषकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी दयनीय हो जाती है।
बौंहजा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की मांग:
1. गाजियाबाद नगर निगम उक्त 10 मीटर के अत्यधिक क्षतिग्रस्त हिस्से का तत्काल निरीक्षण करे।
2. जनहित एवं सुरक्षा को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर पैच वर्क / मरम्मत कार्य कराया जाए।
3. भविष्य में श्री हनुमान मार्ग के संपूर्ण स्थायी निर्माण को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।
एसोसिएशन ने नगर आयुक्त, गाजियाबाद नगर निगम से अपील की है कि स्थानीय निवासियों की इस जायज मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए।






Post A Comment: