ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि:
ग़ाज़ियाबाद, 15 अक्टूबर 2026: ग़ाज़ियाबाद नगर निगम के कवि नगर जोन का प्रकाश विभाग अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह विमुख हो चुका है। विभाग के अभियंता, सुपरवाइजर और पूरा अमला कर्तव्यनिष्ठा और कर्मठता को ताक पर रखकर कुर्सियों पर बैठकर समय काट रहा है।
आलम यह है कि विभाग द्वारा कभी स्वयं क्षेत्र का निरीक्षण तक नहीं किया जाता। यदि कोई जागरूक नागरिक टूटी-फूटी लाइटों की सूचना देता है तो उसे अनसुना कर दिया जाता है। जनता को मजबूरन बार-बार फोन करने और जनसुनवाई पोर्टल के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
स्वर्ण जयंतीपुरम बना अंधेरे का अड्डा:
कवि नगर जोन के स्वर्ण जयंतीपुरम क्षेत्र की स्थिति सबसे दयनीय है। क्षेत्र की अधिकांश गलियों में शाम ढलते ही घुप अंधेरा छा जाता है। स्ट्रीट लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं। अंधेरे के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है तथा चोरी-छिनैती और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
इस गंभीर समस्या को लेकर दिनांक 29 सितंबर 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40014026072502 दर्ज कराई गई थी, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी नगर निगम के प्रकाश विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। न कोई फोन आया, न कोई टीम मौके पर आई। यह लापरवाही नहीं, बल्कि जनता के प्रति सीधा विश्वासघात है।
क्षेत्रीय निवासियों की मांग: -
1. नगर आयुक्त महोदय तत्काल इस मामले का संज्ञान लेकर कवि नगर जोन के प्रकाश विभाग के पूरे स्टाफ की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराएं।
2. वर्षों से एक ही जोन में जमे हुए भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों को तत्काल अन्य जोनों में स्थानांतरित किया जाए।
3. स्वर्ण जयंतीपुरम सहित पूरे कवि नगर जोन की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था 48 घंटे के अंदर दुरुस्त की जाए।
यदि शीघ्र ही इस पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई तो क्षेत्र के निवासी सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।




Post A Comment: