जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर ने किया मौका मुआवना
ग़ाज़ियाबाद। इंदिरापुरम स्थित आदित्य मेगा सिटी आवासीय परिसर के एक फ्लैट में शनिवार 12 सितंबर को स्टोर रूम में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर शीघ्र नियंत्रण प्राप्त कर लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के प्रत्यक्ष निर्देशन में फायर स्टेशन वैशाली से दो अग्निशमन वाहनों सहित टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। आग टावर के पांचवें तल पर स्थित फ्लैट संख्या जीसी-502 के स्टोर रूम में लगी थी। आग के कारण पूरे टावर में घना एवं दमघोंटू धुआं भर गया था, जिससे राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया।
अग्निशमन कर्मियों ने भवन के फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए भूतल से हॉज-लाइन बिछाकर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। वहीं, बीए सेट पहनकर फायर कर्मी फ्लैट के भीतर पहुंचे और आग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया। आधुनिक एग्जॉस्ट उपकरणों की सहायता से टावर और फ्लैट परिसर में भरे धुएं को भी सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने आदित्य मेगा सिटी, इंदिरापुरम स्थित फ्लैट में आग लगने की घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम सदर को निर्देशित किया कि घटना से हुए नुकसान का आकलन कराया जाए तथा प्रभावित परिवार को शासन की नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारणों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
उप जिलाधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि आदित्य मेगा सिटी, इंदिरापुरम स्थित फ्लैट संख्या-502 में आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है तथा क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूर्णतः सामान्य है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग की तत्परता, कार्यकुशलता एवं समन्वित प्रयासों के चलते आग को आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैलने से पहले ही पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग से स्टोर रूम में रखी सामग्री एवं कुछ घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त फ्लैट में किरायेदार मोहित गोयल अपने परिवार के साथ निवास कर रहे थे।





Post A Comment: