ग़ाज़ियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशन में क्राइम ब्रान्च गाजियाबाद व थाना नन्दग्राम पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चलती कार में अल्ट्रासाउण्ड मशीन के द्वारा भ्रूण लिंग परीक्षण करने वाले गिरोह को पकडने में सफलता हासिल की गयी है। 

गिरोह में शामिल 02 सदस्य कपिल कुमार पुत्र यशवंत सिंह निवासी भगवानपुर बांगर थाना किठौर जनपद मेरठ हाल निवासी म0नं0 30/103, गली नं0-06ए, विश्वास नगर, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली, तथा गौरव पुत्र श्रीकृष्ण कुमार निवासी ए-4, गली नं0-10, बालाजी एन्कलेव, गोविन्दपुरम थाना मधुबन बापूधाम, गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से पोर्टेबल अल्ट्रासाउण्ड मशीन, अल्ट्रासाउण्ड किट बैग व आई10 कार बरामद हुई है। इस सम्बन्ध में थाना नन्दग्राम पर मु0अ0सं0 543/2026 धारा 88/61(2)/318(4) बी0एन0एस0 पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। 

पूछताछ करने पर कपिल उपरोक्त ने बताया कि मैं 12वी पास हूँ। यह गाडी व यह पोर्टेबल अल्ट्रासाउण्ड मशीन मेरी है। जिसका इस्तेमाल मैं 03 से 04 महीने की गर्भवती महिलाओं के भ्रूणलिंग की जांच करने में इस्तेमाल करता हूं, जो लिंग जांच कराना चाहते हैं, उनसे मैं 15 से 25 हजार रूपये प्रति महिला लेकर जांच करता हूँ, जिसमें क्लाइन्ट लाने में मेरा सहयोग गौरव करता है। हम अपनी कार को किसी एकान्त जगह पर खडी कर लेते हैं और क्लाइन्ट को वहीं पर बुला लेते हैं। यह मशीन हमने दिल्ली से खरीदी थी। हम दोनों के पास कोई वैध लाईसेन्स या डिग्री नहीं है। 

कपिल एक शातिर किस्म का अपराधी है व उक्त कृत्य का मास्टर माइन्ड है। वो इस कार्य को पिछले 10 वर्ष से कर रहा है। इस सम्बन्ध में पूर्व में गाजियाबाद व दिल्ली से कई बार जेल भी जा चुका है।



Share To:

Post A Comment: