ग़ाज़ियाबाद। शनिवार 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट ग़ाज़ियाबाद द्वारा पुलिस लाइन स्थित परमजीत हॉल में महिला अपराधों की रोकथाम, महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने तथा महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध, पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर, सहायक पुलिस आयुक्त महिला अपराध, प्रभारी महिला थाना, समस्त महिला चौकी प्रभारी, समस्त थानों के मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी, समस्त पिंक बूथ प्रभारी एवं मुख्यालय तथा सर्किल स्तर पर स्थापित परिवार परामर्श केन्द्रों के प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा महिला अपराधों की रोकथाम एवं महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा एवं विचार-विमर्श किया गया। महिला संबंधी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न किए जाने तथा प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्ष, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति केन्द्रों एवं पिंक बूथों को महिला सुरक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र बताते हुए निर्देशित किया कि इनकी कार्यप्रणाली को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए, जिससे महिलाएं एवं बालिकाएं बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रख सकें। महिला संबंधी शिकायतों पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्या के समाधान के संबंध में फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त परिवार परामर्श केन्द्रों के माध्यम से पारिवारिक विवादों एवं महिला संबंधी समस्याओं का संवेदनशीलतापूर्वक समाधान कराने, पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने पर बल दिया गया।
गोष्ठी के दौरान सभी मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारियों को महिला सम्बन्धी अपराधों के प्रभावी एवं संवेदनशील निस्तारण हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही, मिशन शक्ति केन्द्र पर किसी महिला द्वारा अपनी समस्या अथवा शिकायत के सम्बन्ध में प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किए जाने पर अपनाई जाने वाली निर्धारित प्रक्रिया के सम्बन्ध में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस आयुक्त ग़ाज़ियाबाद ने स्पष्ट निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए।
सभी संबंधित अधिकारी एवं प्रभारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने तथा महिलाओं में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
इस मौके पर शारदीय नवरात्रि के दौरान मिशन शक्ति 6.0 अभियान के अन्तर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।









Post A Comment: