कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि केन्द्रीय क़ानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने संबोधन में कहा कि 1893 में विवेकानंद जी ने अमेरिका के मिशिगन में तीन भविष्यवाणी की और कहा कि भारत 50 वर्ष में स्वतंत्रता प्राप्त कर लेगा। कार्ल मार्क्स के जन्म के सौ साल बाद रूस में क्रांति होगी और 21 वी सदी भारत की होगी। स्वामी विवेकानंद की पिछली दोनों भविष्यवाणी सत्य साबित हुई और अब उनकी तीसरी भविष्यवाणी भी सत्य होने वाली है। एशिया ही विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभर रहा है जिसका नेतृत्व भारत करने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम लगातार उस ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि परिषद द्वारा पूर्व में दिये गये सुझावों में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट, एडवोकेट इंश्योरेंस आदि सभी सुझावों को आगे बढ़ा दिया गया है और इस अधिवेशन के सुझावों पर भी काम किया जायेगा।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुये अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष जस्टिस एन नागरेश ने कहा कि अधिवक्ता परिषद में हम अधिवक्ताओं को समाज का नेता मानते हैं, यहॉं तक की स्वतंत्रता संग्राम में सबसे अधिक सक्रियता अधिवक्ताओं की ही रही है।
भारत की यह विशेषता रही है कि हमारी प्रतिकार करने की क्षमता जबरदस्त है। हम विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था रहे हैं और 2047 तक हम पुनः विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं।
वर्तमान घटनाओं पर ध्यान आकर्षित करते हुये उन्होंने कहा कि हाल ही में ऐसे अनेक आंदोलन हो रहे हैं जिनके द्वारा भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्वस्त करने के लिये भारत की संस्थाओं पर आरोपों के द्वारा संदेह उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिये फ़ेक डाटा का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। लेकिन हम एक जागरूक अधिवक्ता के नाते समाज को इसके प्रति सजग रखने का काम करेंगे और ऐसी किसी भी मंशा को कामयाब नहीं होने देंगे।
मुख्य वक्ताओं के साथ साथ अधिवक्ता परिषद के राष्ट्रीय मंत्री चरण सिंह त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर एवं ग़ाज़ियाबाद इकाई की अध्यक्षा श्रद्धा सिंह ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किये।
इससे पूर्व ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह तोमर ने अधिवेशन प्रारंभ होने की विधिवत घोषणा करते हुये सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का स्वागत किया।
इस आयोजन में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के सभी जनपदों तथा तहसीलों तथा सभी उच्च न्यायालय से 1200 से अधिक अधिवक्ता आये हुए हैं। अधिवक्ता परिषद के क्षेत्रीय संयोजक विपिन त्यागी ने कार्यक्रम का संचेलन किया।
इसके अतिरिक्त इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, हिन्दू जागरण मंच के क्षेत्र संयोजक परमेंद्र शेखावत, ग़ाज़ियाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रह्म देव त्यागी, पूर्व अध्यक्ष राकेश त्यागी, सचिव नरेश चौधरी, काशी प्रांत के महामंत्री नीरज सिंह, अध्यक्ष एनसी त्रिपाठी, अवध प्रांत की महामंत्री मीनाक्षी परिहार, उत्तराखंड की अध्यक्षा जानकी सूर्या आदि अनेक गणमान्य आगंतुक उपस्थित रहे।









Post A Comment: