ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि:
ग़ाज़ियाबाद। मंगलवार 6 अक्टूबर को वार्ड 19, ग्राम बौंहजा में स्ट्रीट डॉग्स के लिए निःशुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन व स्टेरलाइजेशन हेतु शिविर का आयोजन किया गया।
यह अभियान नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग के सहयोग से चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में रेबीज जैसी घातक बीमारी की रोकथाम और नागरिकों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान वार्ड के सभी प्रमुख गलियों व सार्वजनिक स्थलों पर घूम रहे आवारा कुत्तों को चिन्हित कर टीकाकरण किया गया। सड़क पर घूम रहे श्वानों का वैक्सीनेशन हेतु रेस्क्यू किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। अभियान में पशु चिकित्सकों की टीम ने बड़ी कुशलता से कार्य को संपादित किया।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के अभियान समय-समय पर होते रहने चाहिए, ताकि मानव और पशु दोनों सुरक्षित रह सकें।
अपील: सभी क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे अपने आस-पास किसी भी बीमार या आक्रामक श्वान की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें और टीकाकरण अभियान में सहयोग बनाए रखें।




Post A Comment: