ग़ाज़ियाबाद। रविवार 22 नवंबर को कायस्थ परिवार ट्रस्ट (रजि.) के कार्यालय का शुभारम्भ वैशाली स्थित जीडीए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-3 में धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मंजू कुलश्रेष्ठ द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित कायस्थ परिवार के सदस्यों ने चित्रगुप्त महाराज को पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक कुलदीप सक्सेना ने उपस्थित कायस्थ बंधुओं से जागृति, एकता एवं उत्थान के संकल्प के साथ ट्रस्ट से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी कायस्थ बंधुओं को एकजुट होकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संजय सिन्हा द्वारा प्रारम्भ की गई चित्रगुप्त विश्वविद्यालय एवं मेडिकल कॉलेज के स्थापना की मुहिम का जोरदार समर्थन करने तथा इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
ट्रस्ट के अध्यक्ष शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने ट्रस्ट को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने के लिए महिला विंग के गठन का सुझाव रखा। साथ ही बैठक में आगामी स्वामी विवेकानंद जयंती को भव्य एवं धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से मंजू कुलश्रेष्ठ, जया श्रीवास्तव, सुनील श्रीवास्तव, डॉ रवि अम्बष्ट, सुशील श्रीवास्तव, शैलेश भटनागर, राजेश श्रीवास्तव, शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं कुलदीप सक्सेना सहित अनेक गणमान्य कायस्थ बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन समाज में आपसी भाईचारे, संगठन की मजबूती एवं सामूहिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ।






Post A Comment: