ग़ाज़ियाबाद : दिनेश जमदग्नि। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा निराश्रितों का ध्यान रखते हुए आश्रय स्थलों को व्यवस्थित कराया गया है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर भी निराश्रितों को ठंड से बचने के लिए अलाव की व्यवस्था भी कराई गई है। वर्तमान में रात्रि में बढ़ती ठंड को देखते हुए 22 स्थान पर अलाव जलाया जा रहा है। 

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार आवश्यकता को देखते हुए ऐसे स्थान जहां पर अधिक संख्या में निराश्रित उपस्थित होते हैं अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। नंदी पार्क गौशाला में भी ठंड से बचाव के लिए रात्रि में अलाव की व्यवस्था कर गोवंशों का ठंड से बचाव किया जा रहा है।

प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज द्वारा बताया गया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी ठंड से बचाव के लिए निराश्रित हेतु सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था विभाग द्वारा की गई है। आश्रय स्थलों के बाहर तथा आसपास सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाया जा रहा है। निराश्रितों को ठंड में राहत मिल रही है, नसीरपुर फाटक, संतोष अस्पताल के सामने पुराना बस अड्डा, अर्थला चौराहा, सुदामा पुरी, संजय नगर सेक्टर 23 न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के बाहर, डीएलएफ कॉलोनी, कौशांबी, लोहिया नगर लाल क्वार्टर का चौराहा, पुराना रेलवे स्टेशन गाजियाबाद, रेलवे स्टेशन साहिबाबाद, मोहन नगर चौराहा व अन्य स्थान पर अलाव की व्यवस्था ठंड को देखते हुए कराई जा रही है।

गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बढ़ती ठंड को देखते हुए रात्रि में अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है। जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की लकड़ी प्रतिदिन डाली जा रही है। निराश्रितों के लिए गाजियाबाद नगर निगम द्वारा कराई जा रही अलाव की व्यवस्था संजीवनी के रूप में है। ठंड से बचाव हो पा रहा है। नगर आयुक्त द्वारा विभाग को आवश्यकता को देखते हुए सार्वजनिक स्थल जहां पर अत्यधिक निराश्रित एकत्र होते हैं उनका चयन करते हुए अलाव व्यवस्था बढ़ाने के लिए कहा गया है। लगभग 60 स्थान पर गाजियाबाद नगर निगम अलाव की व्यवस्था करने के लिए योजना बना रहा है।



Share To:

Post A Comment: