ग़ाज़ियाबाद। रविवार 31 मई 2026 को 'वर्दना फाउंडेशन' का 6th वार्षिक स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सेंट टेरेसा स्कूल इंदिरापुरम में मनाया गया। इस अवसर पर रूपेन्द्र सिंह रोमी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में डॉ स्मृति शर्मा, दीपमाला चौधरी, मंजुला गुप्ता, सुरेश वल्ली, शाइला जमाल, अंशुल मुद्गल, मशहूर सिंगर दानिश जेटली, वंशिका एवं विकास उपस्थित रहे। सभी अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति ने इस विशेष समारोह को और भी यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात 'वर्दना फाउंडेशन' की 6 वर्षों की समाजसेवी यात्रा एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। वंदना सोनी 10 वर्षों से समाज सेवा कर रही हैं और फाउंडेशन पिछले 6 वर्षों से निरंतर समाजसेवा के क्षेत्र में कार्यरत है।
संस्था मुख्य रूप से बच्चों एवं महिलाओं को बुनियादी शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित है। इसके अंतर्गत यूट्यूब शैक्षिक श्रृंखला, शिक्षण सामग्री, निःशुल्क पुस्तक वितरण तथा विभिन्न पुस्तकालयों की स्थापना की गई है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु सिलाई प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। वहीं सखी सहेली प्रोजेक्ट के माध्यम से महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए जाते हैं। साथ ही समय-समय पर स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन भी किया जाता है। आज तक 500 से ज़्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं।
संस्था द्वारा अब तक 1500 से अधिक बच्चों की शिक्षा एवं देखभाल में योगदान दिया जा चुका है। इसके अतिरिक्त गरीब परिवारों, बेसहारा बच्चों एवं विधवाओं को मासिक राशन, वस्त्र एवं कंबल जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
इस मौके पर मुख्य अतिथि रूपेन्द्र सिंह रोमी ने कहा कि वंचित वर्गों के लिए शिक्षा, चिकित्सा सहायता, महिला सशक्तिकरण एवं वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु किए जा रहे इन प्रयासों के लिए 'वर्दना फाउंडेशन' की अध्यक्ष वंदना सोनी एवं समस्त टीम बधाई की पात्र हैं।
समारोह के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे 100 समाजसेवियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। ये वो प्रेरणा स्रोत हैं जो निरंतर समाज के उत्थान और एक बेहतर समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रमुख रूप से जेपीएस पब्लिक स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर विनोद कुमार त्यागी, सीके मॉर्डन स्कूल के डायरेक्टर सुमित त्यागी, डायमंड पब्लिक स्कूल की डायरेक्टर अर्चना त्यागी, पत्रकार निधि शर्मा, समाजसेवी सोनिया मेहरा, फुटपाथ शाला से नीरजा सक्सेना, प्रथम प्रयास से रंजीता वर्मा, अपना खाना टीम से राकेश आहूजा, रेनू आहूजा, कंचन बत्रा, सुभाष बत्रा, संजय शर्मा, विश्व बंधु गुप्ता, अलका चड्ढा, दिनेश चड्ढा एवं वरिष्ठ पत्रकार बृजेश श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 'वर्दना फाउंडेशन' की अध्यक्ष वंदना सोनी ने बताया की वर्तमान में बढ़ती गर्मी एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए वर्दना फाउंडेशन ने, संवेदना फाउंडेशन के सहयोग से सभी अतिथियों एवं सम्मानित व्यक्तियों को 'पंछियों का आशियाना' भेंट किया, ताकि पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा मिल सके। साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट 'सखी सहेली' के अंतर्गत 'पैड बैंक' खोलने की घोषणा भी की गई।
यह भव्य आयोजन समाज सेवा, जनजागरूकता और मानवीय मूल्यों के प्रति 'वर्दना फाउंडेशन' की प्रतिबद्धता का एक उत्कृष्ट उदाहरण रहा।







Post A Comment: