ग़ाज़ियाबाद। ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाले स्विगी प्लेटफॉर्म पर फर्जी रेस्टोरेन्ट रजिस्टर कराकर एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड्स हैक कर, उन क्रेडिट कार्ड्स से अपने फर्जी रेस्टोरेन्ट को ऑर्डर कर उन ऑर्डर को डिलीवर दिखाकर स्विगी से अपने खाते में पेमेन्ट लेकर करीब 30 लाख रुपये का साइबर फ्रॉड करने की घटना के सम्बन्ध में बिस्वजीत चौधरी मैनेजर – जोखिम प्रबंधन टीम, वसुंधरा इन्द्रापुरम गाजियाबाद द्वारा अभियोग पंजीकृत कराया गया।
थाना साइबर क्राइम टीम द्वारा विवेचना के क्रम में उपरोक्त अभियोग में इस साइबर फ्रॉड की घटना करने वाले अभियुक्त गर्वित पुत्र संजीव कुमार निवासी मं0नं0 1917 वार्ड नं0 13 मोहल्ला पहाड़ा, रोहतक थाना पुरानी सब्जी मंडी जनपद रोहतक हरियाणा, हाल पता प्लॉट नं0 20 तृतीय तल ए ब्लाक सेक्टर 03 वैशाली जनपद गाजियाबाद को थाना क्षेत्र कौशाम्बी, गाजियाबाद से दिनांक 18 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्त ने पूछताछ पर बताया कि वह TECH MAHINDRA में कस्टमर केयर की नौकरी करता था। यूट्यूब पर वीडियो देखकर उसे इस तरह से फ्रॉड करने का आइडिया आया। इसके बाद उसने श्याम की रसोई तथा राधा की रसोई नाम से दो फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर FSSAI से पंजीकरण प्रमाणपत्र प्राप्त किया। यूट्यूब पर क्रेडिट कार्ड की डिटेल तथा Swiggy के खातों की डिटेल उपलब्ध कराने वाले FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल के बारे में जानकारी हुई तथा FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल का लिंक मिला। इस लिंक के माध्यम से वह इस टेलीग्राम BOT से जुड़ा तथा एक्सिस बैंक के 52 क्रेडिट कार्ड की डिटेल ली। इसके बाद उसने अपने फर्जी रेस्टोरेन्ट को अपने मोबाइल नम्बर तथा बैंक खाते के साथ स्विगी प्लेटफार्म पर रजिस्टर किया। FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल पर क्रेडिट कार्ड धारकों का डाटा मिलता था।
इन क्रेडिट कार्ड धारकों के मोबाइल नम्बर पर JIOJOIN नाम के एप से एक्सिस बैंक का ग्राहक सेवा अधिकारी बनकर वाई-फाई कॉलिंग करता था और क्रेडिट कार्ड धारकों से क्रेडिट कार्ड में लगे सर्विस चार्ज तथा लेट पेमेंट हटाने के लिए सर्विस REQUEST RAISE करने के नाम पर स्विगी के ऑर्डर के पेमेंट की ओटीपी लेकर स्विगी में पेमेन्ट कर देता था। उन आर्डरों को अपने फर्जी रेस्टोरेन्ट से फर्जी डिलीवरी दिखाकर, स्विगी से सर्विस चार्ज काटकर शेष पैसा स्विगी प्लेटफार्म पर रजिस्टर अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लेता था। इन पैसों को एटीएम तथा चेक के माध्यम से निकाल लेता था।
स्विगी पर सबसे पहले श्याम की रसोई नाम से फर्जी रेस्टोरेन्ट रजिस्टर किया था, उस पर शिकायत आने पर राधा की रसोई नाम से फर्जी रेस्टोरेन्ट को स्विगी प्लेटफार्म पर रजिस्टर किया। राधा की रसोई फर्जी रेस्टोरेन्ट को स्विगी प्लेटफॉर्म द्वारा बैन करने पर खाना खजाना नाम से एक और फर्जी रेस्टोरेन्ट बनाकर स्विगी प्लेटफार्म पर रजिस्टर किया। इस समय इसी रेस्टोरेन्ट के माध्यम से साइबर फ्रॉड कर रहा था। अभियुक्त ने दिनांक 17 सितंबर 2026 को FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल से मिले क्रेडिट कार्ड धारक एम. श्रीनिवास के क्रेडिट कार्ड से 38 हजार का स्विगी प्लेटफार्म पर अपने फर्जी रेस्टोरेन्ट के नाम पर ऑर्डर जनरेट कर साइबर फ्रॉड किया है। अभियुक्त से बरामद साक्ष्य में FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल से चैट, क्रेडिट कार्ड्स की डिटेल की गूगल शीट, फर्जी रेस्टोरेन्ट के FSSAI दस्तावेज, फ्रॉड में प्रयोग किये गये मोबाइल नम्बर का परिशीलन किया जा रहा है।
FAST OTP BOT टेलीग्राम चैनल द्वारा हैक किये हुए डाटा उपलब्ध कराने के बदले जिन QR Code पर अभियुक्तों से पेमेन्ट प्राप्त की गई थी, उन QR Code के आधार पर तथा Telegram User ID से डाटा प्राप्त कर इन अभियुक्तों के विरुध्द कार्यवाही प्रचलित है।




Post A Comment: