भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और संस्कृत भाषा के गौरव से नई पीढ़ी को जोड़ने की अभिनव पहल

ग़ाज़ियाबाद। भारतीय संस्कृति, सनातन ज्ञान परंपरा एवं संस्कृत भाषा के गौरवशाली इतिहास को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप में जनसामान्य तक पहुंचाने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा इंदिरापुरम में विकसित किया जा रहा ‘संस्कृत दर्शन पार्क’ अब अपने पूर्ण स्वरूप की ओर तेजी से अग्रसर है। लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस अनूठे पार्क के निर्माण एवं विकास कार्यों का जीडीए द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जा रही है।

संस्कृत दर्शन पार्क को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ज्ञान परंपरा से परिचित होने का अवसर प्राप्त हो। पार्क में वेद, उपनिषद, महाकाव्य, भारतीय दर्शन एवं संस्कृत साहित्य से संबंधित महत्वपूर्ण विषय-वस्तु को आकर्षक, रोचक एवं आधुनिक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे विशेष रूप से युवा पीढ़ी एवं बच्चों में भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति रुचि और जिज्ञासा विकसित हो सके।

पार्क में विभिन्न विषयों पर आधारित थीम आधारित संरचनाएं, संस्कृत के श्लोक एवं सूक्तियां, आकर्षक लैंडस्केपिंग, फाउंटेन एवं जल संरचनाएं, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था तथा जनसुविधाओं का समावेश किया जा रहा है। इन सभी सुविधाओं के माध्यम से पार्क को केवल एक सामान्य उद्यान के रूप में नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति, प्रकृति एवं आधुनिकता के समन्वय वाले विशिष्ट सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

जीडीए अधिकारियों द्वारा पार्क के निर्माण कार्यों का लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है तथा शेष कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत अक्टूबर माह में संस्कृत दर्शन पार्क को आमजन के लिए खोले जाने की संभावना है, जिससे गाजियाबाद वासियों को शहर में एक नए एवं विशिष्ट सांस्कृतिक-ज्ञानवर्धक सार्वजनिक स्थल की सौगात मिल सकेगी।

यह पार्क गाजियाबाद के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं पर्यटकों के लिए ऐसा स्थान बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां वे भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक एवं आकर्षक वातावरण में जान और समझ सकेंगे।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: