ग़ाज़ियाबाद। मंगलवार 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे के अवसर पर ग़ाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बढ़-चढ़कर सहभागिता की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान को एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं मानवीय दायित्व बताते हुए अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।
इंजीनियर्स डे के अवसर पर प्राधिकरण के अभियंताओं एवं अधिकारियों द्वारा महान अभियंता भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर उनके द्वारा देश के निर्माण एवं विकास में दिए गए अतुलनीय योगदान तथा अभियंत्रण क्षेत्र में स्थापित किए गए उच्च मानकों को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अभियंत्रण क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि किसी भी शहर के सुनियोजित एवं सतत विकास में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। गाजियाबाद के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए प्राधिकरण के अभियंता निरंतर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
इंजीनियर्स डे के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर एवं अन्य कार्यक्रमों ने प्राधिकरण में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।







Post A Comment: