ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि:
गाजियाबाद। शहर के दो सबसे व्यस्त मार्गों - गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) कार्यालय के सामने वाली सड़क और पुराने रोडवेज बस स्टैंड के सामने वाली सड़क पर रोजाना दो पहिया वाहनों का रॉन्ग साइड चलना व वाहनों की पार्किंग आम बात हो गई है। इससे पैदल यात्रियों में भारी असुरक्षा की भावना है।
देखें वीडियो: -
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सुबह से शाम तक सैकड़ों दो पहिया वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर तेज गति से गलत दिशा में वाहन चलाते हैं तथा इस सड़क पर चार पहिया एवं दोपहिया वाहनों की सड़क किनारे पार्किंग भी की जाती है।
इस मार्ग पर प्रतिदिन दिव्यांगजन, बुजुर्ग नागरिक, स्कूली बच्चे, महिलाएं और बस स्टैंड से आने-जाने वाले बीमार यात्री पैदल चलते हैं। अचानक सामने से आ रहे रॉन्ग साइड वाहनों के कारण उन्हें हर समय दुर्घटना में घायल होने का खतरा बना रहता है। कई बार टक्कर होते-होते बची है।
राहगीरों ने बताया कि रोडवेज बस स्टैंड के सामने तो स्थिति और भी गंभीर है, क्योंकि टेंपो चालको द्वारा सड़क पर सवारी टेंपो में भरने के लिए वाहन खड़े किए जाने के कारण एवं वाहनों के आवागमन और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण भी पैदल यात्री फुटपाथ के किनारे से रॉन्ग साइड से निकलने की कोशिश करते हैं।
नागरिकों की मांग - नियमित ट्रैफिक पुलिस तैनात हो:
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से मांग की है कि दोनों ही स्थानों पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी की नियमित ड्यूटी लगाई जाए, ताकि रॉन्ग साइड चलने वालों पर चालान और रोकथाम की कार्रवाई हो सके और पैदल यात्रियों को सुरक्षित चलने का अधिकार मिल सके।







Post A Comment: