नोएडा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रताप नगर, नोएडा महानगर द्वारा रविवार 13 सितंबर को सेक्टर-71 स्थित सेंट्रल पार्क में युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में नगर कार्यवाह देवेन्द्र कुमार के साथ महानगर कार्यवाह सत्येंद्र कुमार का भी मार्गदर्शन एवं सान्निध्य प्राप्त हुआ।
मुख्य वक्ता सत्येंद्र कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ऊर्जा है। युवाओं को अपने जीवन में अनुशासन, संस्कार, सेवा और राष्ट्रभक्ति को प्राथमिकता देते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
महानगर कार्यवाह सत्येंद्र कुमार ने युवाओं से नियमित रूप से संघ की गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण के माध्यम से ही श्रेष्ठ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा, चरित्र निर्माण एवं संगठन की भावना पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित युवाओं ने राष्ट्रहित में कार्य करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संघ के स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं समाज सेवा की भावना के साथ हुआ।





Post A Comment: