प्रार्थी को न्याय दिलाने पुलिस और प्रशासन पहुंचा प्रार्थी के द्वार
ग़ाज़ियाबाद : ब्यूरो चीफ दिनेश जमदग्नि। जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद प्रत्येक कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से जनता दर्शन में पीड़ितों/प्रार्थियों की समस्याओं को सुनते हैं और त्वरित कार्यवाही के आदेश देकर उनकी शिकायतों का निस्तारण भी करवाते है, जिसके चलते जनता में शासन—प्रशासन की छवि में निरंतर सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं। पीड़ितों की समस्या छोटी हो या बड़ी, नई हो या पुरानी या चाहे किसी भी विभाग से सम्बंधित हो वो एक बार डीएम ग़ाज़ियाबाद को अपनी समस्या के निराकरण के सम्बंध में अवगत कराने अवश्य आ रहे हैं। यह उन लोगों का जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद की कार्यशैली को देखते हुए उन पर बना विश्वास है।
पीड़िता ने गीली आंखों से बयां किया अपना दर्द, कहा साहब अब आप पर ही आस है: -
इसी क्रम में जनता दर्शन में बीते शुक्रवार दिनांक 29 मई 2026 को प्रार्थिनी श्रीमती चंचल पत्नी स्व० नरेन्द्र बाबू निवासिनी निवासी बी 26 सैक्टर-11 विजय नगर गाजियाबाद द्वारा दिनांक 29 मई 2026 को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ से मिलकर शिकायत की थी कि ताज मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद व्यक्ति द्वारा धोखाधड़ी से प्रार्थिनी के मकान पर कब्जा कर मोमीन पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी प्रताप विहार को कब्जा दे दिया। प्रार्थिनी ने मात्र 1,50,000/- रू० ताज मोहम्मद से उधार लिया था और उसके बदले ताज मोहम्मद ने प्रार्थिनी के मकान के मूल दस्तावेज अपने पास गिरवी रख लिये। प्रार्थिनी द्वारा लिये गये रू0 1,50,000/- को ताज मोहम्मद द्वारा ब्याज को बढ़ा चढ़ाकर रूपये 7 लाख बताया और प्रार्थिनी के मकान पर कब्जा कर लिया और कुछ समय बाद उक्त मकान पर मोमिन को कब्जा दे दिया है। इस प्रकरण में कई बार सम्बंधित पुलिस अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है किन्तु कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। अब जिलाधिकारी महोदय आपसे ही आशा है। हमने सुना है कि आप बेसहारों, जरूरतमंद और पीड़ितों की सहायता करते हैं मेरी भी सहायता करें।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने दिये त्वरित जांच व कार्यवाही के आदेश: -
प्रकरण के संज्ञान में आते ही जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा तत्काल ही उपजिलाधिकारी सदर एवं सम्बंधित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ जांच कर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। जिसके क्रम में टीम ने मौके पर जा कर प्रकरण का संज्ञान लिया जिसमें पाया गया कि प्रार्थिनी की शिकायत सही है। उपजिलाधिकारी सदर अरूण दीक्षित ने जांच रिर्पोट में बताया कि प्रार्थिनी की शिकायत सही है और ताज मोहम्मद जनपद गाजियाबाद में ही भूमि कब्जा से सम्बंधित प्रकरण में जेल भी गया है।
जिलाधिकारी ने दिए आदेश, पीड़ितों का करें पूर्ण सहयोग, भूमि माफियाओं पर करे सख्त कार्रवाई: -
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा 01 जून 2026 को मौके पर पहुंचकर पीड़िता श्रीमती चंचल को मौके पर उनके मकान पर कब्जा दिलाया गया। जिससे श्रीमती चंचल के आंखों से दु:ख की जगह खुशी के आंसू छलकने लगे। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के आदेशों के क्रम एवं उनकी मंशानुरूप किसी भी गरीब, कमजोर, बेसहारा, जरूरमंद, मजबूर व्यक्ति का शोषण नहीं होना चाहिए। उन्हें पीड़ित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी अपेक्षित है। इसके साथ ही ऐसे भू—माफियों एवं अवैध कब्जाधारियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जेल भेजा जाए।
प्रार्थिनी ने किया मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी का धन्यवाद: -
जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद की त्वरित कार्यवाही एवं मकान पर कब्जा मिलने से प्रसन्न महिला श्रीमती चंचल ने खुशी से नम आंखों से जिलाधिकारी एवं मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि हम जीवन भर डीएम साहब के ऋणी रहेंगे, हमने सिर्फ सुना और पढ़ा था कि डीएम साहब सभी की सहायता करते है और अधिकांश शिकायतों का त्वरित ही पारदर्शिता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हैं, आज हमने देख भी लिया। हम सदैव उनके आभारी रहेंगे।
इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के बड़े अधिकारी उपस्थित रहे।






Post A Comment: