ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:

दिल्ली नगर निगम में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर निगम के शाहदरा उत्तरी जोन में तैनात डिप्टी कमिश्नर (डीसी) अभिषेक मिश्रा और अकाउंट ऑफिसर दिव्यांशु गौतम को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस घटना ने निगम महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

जानकारी के अनुसार, डीसी अभिषेक मिश्रा और अकाउंट ऑफिसर दिव्यांशु गौतम पर एक लाइसेंस इंस्पेक्टर मुकेश से 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और जाल बिछाकर दोनों अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब आम लोग नगर निगम में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ न्याय की उम्मीद लेकर उच्च अधिकारियों के पास पहुंचते हैं।

इस गिरफ्तारी के बाद निगम के अंदर व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह मामला केवल दो अधिकारियों तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसमें एक बड़े नेटवर्क की भी संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल सीबीआई दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की तह तक जाने का प्रयास जारी है।

डेम्स चेयरमैन संदीप कपूर ने बताया कि संबंधित लाइसेंस इंस्पेक्टर मुकेश पहले से ही शाहदरा साउथ जोन में शिकायतों के चलते निलंबित था और उसकी जांच चल रही थी। उन्होंने कहा कि निगम में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।निगम प्रशासन अब डीसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है। वहीं, सरकार और जांच एजेंसियां लगातार ऐसे मामलों पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



Share To:

Post A Comment: