ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:
नई दिल्ली। दिल्ली यातायात पुलिस ने एक ऐसे रैकेट का फंडाफोड़ किया है जो जाली नो एंट्री परमिट के जरिये दिल्ली की सड़को पर बेखौफ गाड़ी दौड़ा रहे थे। कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।
पूर्वी दिल्ली रेंज यातायात पुलिस उपायुक्त के. रमेश ने बताया नन्द नगरी सर्कल को जाली नो एंट्री परमिट का प्रयोग करने वाले कमर्शियल वाहनों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए गए थे। 27 मार्च को लोनी रोड गोलचक्कर, वजीराबाद रोड पर शाम 6 बजे एक कमर्शियल गाड़ी (टाटा ऐस) को लोनी गोलचक्कर से खजूरी खास जाते समय रोका गया। इस रोड पर शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक कमर्शियल वाहनों की आवाजाही बंद होती है और इस समय केवल वहीं कमर्शियल वाहन चलते है जिनके पास नो एंट्री परमिट होता है।
टाटा ऐज के ड्राइवर ने यातायात पुलिसकर्मियों को जाली नो एंट्री परमिट दिखाया, जिसके बाद चालक को गोकलपुरी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीएनएस की धारा 318(4), 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान मोहम्मद सलीम (45) निवासी सुंदर नगरी के रूप मे हुई है।
आरोपी ने पूछताछ मे बताया सुंदर नगरी निवासी नाजिम ने उसे बुराड़ी परिवहन के पास अज्ञात व्यक्ति से मिलवाया था जिसने उसे जाली नो एंट्री परमिट मुहैया करवाया था। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है ताकि इस रैकेट पर पूरी तरह अंकुश लग सके और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।




Post A Comment: