ब्यूरो चीफ मनोज कुमार: 

दिल्ली: लक्ष्मीनगर आईटीओ छठ घाट पर जीवनधारा नमामि गंगे की ओर से एक प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मोनिका अग्रवाल ने डॉ. हरिओम शर्मा एवं लोकेश शर्मा के नेतृत्व में किया, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन करुणा शर्मा द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत यमुना तट की साफ-सफाई से हुई, जहाँ टीम के सभी सदस्यों ने मिलकर घाट को स्वच्छ बनाने का सराहनीय कार्य किया। इसके उपरांत सभी ने सामूहिक रूप से जल शपथ ली, जिसमें भविष्य में जल संरक्षण और यमुना को स्वच्छ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुधा की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही युवा शक्ति के रूप में पार्थ, राधिका और सहर्ष ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में गणमान्य पदाधिकारी जैसे दया जोशी, प्रीति गर्ग, कमलेश और मीनू गोला आदि ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान यमुना तट पर जन-जागरूकता हेतु प्रभावशाली वक्तव्य दिए गए। जिनमें यमुना नदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज से स्वच्छता और संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। सभी उपस्थित जनों ने अपने-अपने विचार व्यक्त कर यमुना मैया के प्रति अपनी आस्था और जिम्मेदारी को दर्शाया।

अंत में यमुना मैया की भव्य आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और भावविभोर हो उठा। इस आयोजन ने न केवल लोगों के मन में श्रद्धा जागृत की, बल्कि यमुना संरक्षण के लिए एक मजबूत संदेश भी दिया।



Share To:

Post A Comment: