ग़ाज़ियाबाद : हरीश चौहान। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ०प्र०, लखनऊ के आदेश एवं जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देश पर आगामी होली पर्व के अवसर पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने एवं आम जनमानस को गुणवत्तापरक खाद्य एवं पेय पदार्थों की उपलब्धता के दृष्टिगत जनपद में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पांच टीमें गठित कर लगातार छापे एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार वर्मा, अरूण कुमार एवं अवधेश पाराशर टीम द्वारा 23 फरवरी की रात्रि में स्थान बहरामपुर, विजय नगर, गाजियाबाद पर ग्राम नाहरा, जनपद डींग, राजस्थान एवं ग्राम दाता, पिसावा, जनपद अलीगढ़ से पिकअप वाहन द्वारा जनपद में आपूर्ति हेतु लाये गये खाद्य पदार्थ पनीर के प्रथम दृष्टया मिलावटी प्रतीत होने तथा गन्दे ड्रमों एवं गन्दे पानी तथा अपेक्षित तापमान पर भण्डारित न किये जाने के कारण जब्त कर पनीर के दो नमूनें संग्रहित कर 840 किग्रा० पनीर मूल्य-252000/- को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेन्द्र प्रताप सिंह एवं नरेन्द्र कुमार की टीम द्वारा 24 फरवरी को प्रातः 08:00 बजे स्थान-राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद पर ग्राम रसुलपुर, थाना-जानी, जनपद मेरठ से पिकअप वाहन द्वारा जनपद में आपूर्ति हेतु लाये गये खाद्य पदार्थ-पनीर के प्रथम दृष्ट्या मिलावटी प्रतीत होने तथा गन्दे ड्रमों एवं गन्दे पानी तथा अपेक्षित तापमान पर भण्डारित न किये जाने के कारण जब्त कर पनीर के दो नमूनें संग्रहित कर 430 किग्रा० पनीर मूल्य-117000 को नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दर्पण कुमार, मुकेश शर्मा एवं देवांश चतुर्वेदी की टीम द्वारा 24 फरवरी को प्रातः स्थान-ट्रोनिका सिटी, लोनी, गाजियाबाद पर ज्वाइट मजिस्ट्रेट लोनी के निर्देशन में जनपद मुजफ्फनगर से ट्रोनिका सिटी लोनी क्षेत्र में खाद्य पदार्थ खोया लादकर आपूर्ति हेतु लाये गये पिकअप वाहन को रोककर प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं दुर्गन्ध युक्त 200 किग्रा० खोया मूल्य-60000/- को खोया के दो नमूनें लेने के पश्चात नष्ट कराया गया। जनपद बागपत से आपूर्ति हेतु लाये गये एक अन्य वाहन से खाद्य पदार्थ खोया के दो नमूनें संग्रहित किये गये।
उपर्युक्त संग्रहित नमूनों की जाँच रिर्पोट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अनुसार सम्बन्धित के विरूद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही की जायेगी। यह अभियान निरन्तर मिलावटी खाद्य पदार्थों एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरूद्ध आगे भी जारी रहेगा।




Post A Comment: