पुनीत माथुर ।इंदिरापुरम, वैशाली की महिला मित्र मंडली के द्वारा इंदिरापुरम के हैबिटेट सेंटर स्थित मोनार्क बैंक्वेट हॉल में हरियाली तीज के पावन अवसर पर हर्षोल्लास और उत्साह से भरपूर तीज उत्सव का आयोजन किया । कार्यक्रम में लगभग 45 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, मित्रता और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला।



कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी महिलाओं के आत्मीय स्वागत से हुई। आयोजन में शामिल प्रत्येक महिला का साधना, मीरा ,प्रीति,हेमा,गीता ने सुंदर उपहार और चॉकलेट देकर स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम की शुरुआत ही खुशी और अपनत्व के साथ हुई।



तीज उत्सव के दौरान महिलाओं के लिए तंबोला सहित अनेक मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हंसी-खुशी के बीच खूब मस्ती की। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा महिलाओं की शानदार प्रस्तुतियां। प्रतिभागियों ने विभिन्न फिल्मी एवं लोकप्रिय गीतों पर नृत्य, कॉमेडी और मनोरंजक प्रस्तुतियां देकर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। संगीत, नृत्य और ठहाकों से पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा।

 कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों और लक्की ड्रॉ के लिए उपहार एवं आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह और बढ़ गया।


उत्सव में स्वादिष्ट एवं विविध व्यंजनों से सजे भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेते हुए आपसी बातचीत और हंसी-मजाक के साथ इस खूबसूरत शाम को यादगार बनाया।


इस आयोजन की एक विशेष बात यह रही कि इसमें “तीज क्वीन”जैसी कोई प्रतियोगिता  नहीं रखी गई। कार्यक्रम की आयोजक शाल्वी गुप्ता,हेमा, निधि,निशा, सुकांति,मधु, सरोज,रेणुका का मानना था कि इस उत्सव में शामिल प्रत्येक महिला अपने आप में खूबसूरत, विशेष और अनोखी है। इसलिए किसी एक को “तीज क्वीन” चुनने के बजाय हर महिला की सुंदरता, व्यक्तित्व और उत्साह का उत्सव मनाना अधिक महत्वपूर्ण है। इस विचार को सभी महिलाओं ने खूब सराहा।


कार्यक्रम के समापन पर आयोजक शाल्वी गुप्ता ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता उसकी सजावट या व्यवस्थाओं से नहीं, बल्कि उसमें शामिल लोगों की खुशी और सहभागिता से तय होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके उत्साह, सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा ने इस तीज समारोह को वास्तव में यादगार और विशेष बना दिया।


संगीत, नृत्य, खेल, हास-परिहास, उपहार और स्वादिष्ट व्यंजनों से सजा यह तीज उत्सव महिलाओं के लिए केवल एक समारोह नहीं, बल्कि मिलन, मित्रता, खुशियों और महिला-सशक्तिकरण की खूबसूरत अभिव्यक्ति बन गया। सभी महिलाएं अपने साथ खूबसूरत यादें और चेहरे पर मुस्कान लेकर विदा हुईं। रेखा, रितु,शिल्पी,गीता,ऊषा,सुषमा,अर्चना, कल्पना, संचिता,अंजू,आशा,आभा, चित्रा,नीलम,पारुल,मोली,शालू , अनिता,नीरा, अर्कजा ,स्नेह एवं अन्य महिलाओं ने अपनी गरिमामई उपस्थिति से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।

Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: