इंदिरापुरम, गाज़ियाबाद : 23 जुलाई। गुरुवार को सुपरटेक आइकॉन, पत्रकार विहार, गौर ग्रीन विस्टा और जनता फ्लैट सहित आसपास की सोसाइटियों के लगभग 20–25 निवासी एकजुट होकर वीरवार बाजार से उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान के लिए सड़क पर उतरे। सभी निवासियों ने स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी इंचार्ज से मुलाकात की और बाजार को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने का अनुरोध किया।
निवासियों ने पुलिस को बताया कि सड़क किनारे लगने वाले इस बाजार के कारण लगातार यातायात बाधित होता था, गंदगी फैलती थी और सुरक्षा संबंधी समस्याएं बढ़ रही थीं। हाल ही में श्वेता भट्टाचार्य का लगभग ₹1.5 लाख मूल्य का iPhone इसी क्षेत्र से चोरी/गुम हो गया था, जिसके बाद क्षेत्रवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई थी।
निवासियों का कहना था कि बाजार समाप्त होने के बाद सड़क पर सब्जियों एवं अन्य कचरे के कारण गंदगी फैल जाती थी, जिससे आवारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता था। इसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय पुलिस ने निवासियों की शिकायत को गंभीरता से लिया। पुलिस के सहयोग, स्थानीय व्यापारियों की सकारात्मक सहमति तथा क्षेत्रवासियों के सामूहिक प्रयास से वीरवार बाजार को साई मंदिर से सुपरटेक आइकॉन तक लगने वाले मार्ग से हटाकर साई मंदिर से गौर ग्रीन एवेन्यू की ओर ग्रीन बेल्ट के पास स्थानांतरित कर दिया गया।
इस जनहित अभियान में निवासियों की ओर से आशीष तोमर, संजीव कंसवाल, प्रमोद तिवारी, डॉ जयश्री सिन्हा, डी.पी. बमोला तथा विकास सैनी ने विशेष रूप से आगे बढ़कर सक्रिय सहयोग किया और अन्य निवासियों को भी इस अभियान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान की सफलता पर क्षेत्रवासियों ने स्थानीय पुलिस, सभी सब्जी व्यापारियों तथा सहयोग करने वाले सभी निवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इस निर्णय से क्षेत्र में स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी काफी कम होगी।
निवासियों ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर प्रशासन, पुलिस, व्यापारियों और नागरिकों के आपसी सहयोग से ही स्थायी समाधान संभव है और यह अभियान सामुदायिक एकजुटता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।






Post A Comment: