ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। मंगलवार 9 दिसंबर। स्वच्छता के क्षेत्र में गाजियाबाद नगर निगम ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए न केवल शहर का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। 25 सितंबर 2025 को आयोजित “एक दिन, एक घंटा, एक साथ – स्वच्छता ही सेवा है” अभियान के अंतर्गत एक घंटे (सुबह 8:00 से 9:00 बजे) में 15,156 लोगों ने स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लेकर अभूतपूर्व सहभागिता का प्रदर्शन किया। इस अद्वितीय अभियान ने जनभागीदारी की शक्ति को नए सिरे से उजागर किया, जिसमें नगर निगम के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार विशाल सफाई अभियान का नेतृत्व अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार द्वारा किया गया। नगर निगम टीम ने व्यापक तैयारी करते हुए शहर में जागरूकता और साफ सफाई की गतिविधियाँ संपादित कीं। अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना भर नहीं था, बल्कि नागरिकों में यह संदेश प्रसारित करना था कि स्वच्छता तभी स्थायी परिणाम देती है जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए और सामूहिक प्रयास से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान करे। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में गाजियाबाद नगर निगम का नाम दर्ज हुआ जिस पर नगर आयुक्त द्वारा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश सहित समस्त टीम, सफाई मित्रों, स्वच्छ भारत मिशन टीम को शुभकामनाएं देते हुए उत्साह वर्धन किया गया।

नगर आयुक्त ने बताया कि ऐतिहासिक सफलता को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है जो कि शहर के लिए बहुत ही उत्साह का विषय है। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा टीम को अवार्ड सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान करके सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल नगर निगम की मेहनत और प्रतिबद्धता की पहचान है, बल्कि शहरवासियों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी का प्रमाण भी है। 

अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में सफाई अभियान चलाए गए, जिसके तहत सड़कों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और सामुदायिक क्षेत्रों की सफाई की गई। नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु कई स्थानों पर जागरूकता रैलियाँ और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्कूल-कॉलेज के छात्रों, रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, स्वयंसेवी समूहों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने बड़ी संख्या में जुटकर इस अभियान को अभूतपूर्व सफलता दिलाई। नगर आयुक्त द्वारा टीम का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में गाजियाबाद को प्रथम नंबर लाने के लिए मोटिवेट किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को भी मेहनत के साथ योजना बनाते हुए कार्य करने के निर्देश दिए गए।

महापौर सुनीता दयाल ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता निरंतर प्रक्रिया है और यह रिकॉर्ड जनता के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्यरत है तथा आगे भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देता रहेगा। यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि जब नागरिक और प्रशासन मिलकर एकजुट होते हैं, तो किसी भी लक्ष्य को हासिल करना कठिन नहीं होता।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाए जा रहे इस प्रकार के जन-आधारित अभियानों से न केवल शहर खूबसूरत बनता है, बल्कि स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण भी होता है। गाजियाबाद नगर निगम की यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाले समय में अन्य नगर निकायों को भी प्रेरित करेगी। गाजियाबाद नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में  मौके पर उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉक्टर अनुज भी उपस्थित रहे। सामाजिक संस्थान साथी फाउंडेशन का विशेष सहयोग निगम को मिला। एसबीएम टीम से आसिफ खान द्वारा विशेष सहयोग किया गया।



Share To:

Post A Comment: