ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। शुक्रवार 19 दिसंबर को उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत आयोजित “सशक्त नारी सम्मान कार्यक्रम” जिलाधिकारी ग़ाज़ियाबाद के निर्देशन में हिंदी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। 

विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल, आईएमटी के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्र एवं डीपीओ मनोज कुमार पुष्कर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नारी सशक्तिकरण को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए महिलाओं के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, गाजियाबाद एवं रामराग लोक संस्कृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। रामराग लोक संस्कृति संस्थान से संरक्षक राजा सैफी, नगर कोषाध्यक्ष दीप्तिमान श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। 

इस अवसर पर राजीव शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिले के 11 विभागों से चयनित कुल 60 सशक्त महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, क्रीड़ा विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, नगर निकाय, स्वयं सहायता समूह, महिला एवं बाल संरक्षण इकाई सहित अन्य विभागों से जुड़ी महिलाओं को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मंच से सम्मान प्रदान किया गया। इन सभी सशक्त नारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य कर समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है।

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं। देश की जानी-मानी एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त लोक गायिका कुमारी सोनम एवं अन्य कलाकारों की सशक्त प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे।

यह कार्यक्रम न केवल नारी सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सहभागिता को सशक्त करने का एक प्रेरणादायी मंच भी सिद्ध हुआ।



Share To:

Post A Comment: