नई दिल्ली: पुनीत माथुर। चीन में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में भारत को सौ से अधिक मेडल मिलने पर पूरे देश में खुशी और उत्साह का माहौल है। देश भर से हमारे एशियाई खेलों के दल को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए पीएम मोदी ने कहा,”एशियाई खेलों में भारत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि!

भारत के लोग इस बात से रोमांचित हैं कि हम 100 पदकों की उल्लेखनीय उपलब्धि तक पहुंच गए हैं। मैं अपने अभूतपूर्व एथलीटों को हार्दिक बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत को यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। प्रत्येक विस्मयकारी प्रदर्शन ने इतिहास रचा है और हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है। मैं 10 तारीख को हमारे एशियाई खेलों के दल की मेजबानी करने और हमारे एथलीटों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं।

उधर केंद्रीय युवा और खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 100 से अधिक होने पर एथलीटों को बधाई दी है। उन्होंने कहा, “140 करोड़ भारतीयों की ओर से सभी खिलाड़ियों को मेरी शुभकामनाएं।” वे भविष्य के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों के 72 वर्षों के इतिहास में हमारे एथलीटों ने इस बार कई रिकॉर्ड तोड़े हैं और कई नए एशियाई रिकॉर्ड भी स्थापित किए हैं। एथलेटिक्स में 29 मैडल और निशानेबाजी में 22 पदक जीतकर नए रिकॉर्ड बनाए गए हैं।अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण और उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं एवं हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ही भारत द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना सुनिश्चित हुआ है। मैं इन एशियाई खेलों में इतिहास रचने के लिए सभी खिलाड़ियों को सलाम करता हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि हमारी हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, जिससे उन्हें भविष्य में आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में आत्मविश्वास के साथ भाग लेने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने "खेलोगे तो खिलोगे" नारा देते हुए कहा था कि विचार प्रक्रिया में बदलाव और सुविधाएं उपलब्ध कराने से अच्छे परिणाम आएंगे और आज ऐसा ही हो रहा है।

बता दें कि भाजपा सरकार के सत्तासीन होने के बाद 2014 में 57 पदक, 2018 में 70 पदक और इस वर्ष 2023 में भारत को अब तक 100 से अधिक पदक मिल चुके है।

Share To:

Post A Comment: