जिलाधिकारी ने दिया स्व.सूर्या चौहान के परिवार को नगर पालिका खोड़ा का नियुक्ति पत्र
ग़ाज़ियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जनपद गाजियाबाद में अवैध कब्जों, अवैध रूप से संचालित संस्थानों तथा अपराध पर प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खोड़ा क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ एवं जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित दो मदरसों को सील किया गया।
वक्फ निरीक्षक गाजियाबाद, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर तथा नायब तहसीलदार सदर द्वारा प्रस्तुत आख्या दिनांक 01 जून 2026 के अनुसार मदरसा रहमानिया अरेबिया कासिम-उल-उलूम, लोकप्रिय विहार, चौकी क्षेत्र खोड़ा गांव तथा सुल्तान अलारफीन मदरसा, मोहल्ला बीरबल, ग्राम खोड़ा, बिना मान्यता एवं आवश्यक अनुमतियों के संचालित पाए गए। जांच में यह भी पाया गया कि दोनों मदरसे जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में पंजीकृत नहीं हैं तथा इनके संचालन की कोई स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई है। साथ ही संबंधित सोसायटी का वैध एवं जीवित पंजीकरण प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके अतिरिक्त मदरसा परिसरों में अग्निशमन विभाग तथा विद्युत सुरक्षा विभाग की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) भी उपलब्ध नहीं पाए गए, जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम की संभावना बनी हुई थी। उक्त परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, उपजिलाधिकारी सदर एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में दोनों मदरसों को सील कर दिया गया। संबंधित प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करें। निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान मुनादी भी कराई गयी। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा इस क्षेत्र से सम्बंधित/निवासित 14 हिस्ट्रीस्टरों का घर—घर जाकर सत्यापन भी किया गया।
पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने कहा कि जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद को अपराधमुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करते हुए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने कहा कि अवैध कारोबार, अवैध कब्जे, बिना अनुमति संस्थानों का संचालन तथा गरीब, कमजोर एवं असहाय व्यक्तियों के उत्पीड़न जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित, जनसुविधा एवं जनसुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन हर समय जनता के साथ खड़ा है। जिलाधिकारी ने बताया कि सील किए गए मदरसों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा उनके वैकल्पिक विद्यालयों में प्रवेश की व्यवस्था कराई जाएगी, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने स्वर्गीय सूर्या चौहान के परिजनों से भेंट की। पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुरूप उन्होंने नगर पालिका खोड़ा में परिवार के एक सदस्य को नियुक्ति पत्र प्रदान किया तथा परिवार को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी किसी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







Post A Comment: