ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली:
ग़ाज़ियाबाद। इंदिरापुरम के कनावनी क्षेत्र में हाल ही में झुग्गियों में लगी भीषण आग ने कई परिवारों की जिंदगी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। इस हादसे में वहां रहने वाले लोगों का सब कुछ जलकर खाक हो गया। बर्तन, कपड़े और रोज़मर्रा की ज़रूरत की लगभग सभी वस्तुएँ नष्ट हो गईं हैं। अचानक आए इस संकट ने कई परिवारों को बेसहारा कर दिया है।
ऐसी परिस्थिति में जरूरतमंदों की सहायता करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य बन जाता है, इसी भावना के साथ सखी सहयोग टीम इंदिरापुरम ने एक बार फिर आगे बढ़कर मानवीय सेवा का परिचय दिया। टीम के सदस्यों ने प्रभावित परिवारों तक पहुंचकर उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया।
सखी सहयोग की ओर से रोजमर्रा के जरूरी समान जैसे बर्तन, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुएँ वितरित कीं। ताकि पीड़ित परिवार अपनी बुनियादी जरूरतों को कुछ हद तक पूरा कर सकें और इस कठिन समय से उबरने की दिशा में कदम बढ़ा सकें। ये पहल न केवल राहत पहुंचाने का कार्य है, बल्कि समाज में एकजुटता और संवेदनशीलता का भी संदेश देती है।
इस सेवा कार्य में सखी सहयोग टीम के सदस्य अध्यक्ष अनुपम कुमारी, सुनीता, माधववार, शीतल रस्तोगी, रोहन, कुमकुम, अभिलाषा, आरती, ऊषा, सुरेंद्र कुमार खारी एवं पिंकी ने सक्रिय भूमिका निभाई और सहयोग प्रदान किया।
सखी सहयोग का यह प्रयास समाज के लिए एक प्रेरणा है कि विपत्ति की घड़ी में हम सभी एक-दूसरे के साथ खड़े रहें और मानवता का परिचय दें।





Post A Comment: