अपुष्ट सूचनाओं से बचने व जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
ग़ाज़ियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद में लागू की गई गृह कर की नई टैरिफ व्यवस्था को लेकर विभिन्न माध्यमों में प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारियों के बीच नामित पार्षद प्रदीप चौधरी ने नागरिकों से संयम एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नई दरें लागू कर दी गई हैं, किंतु अभी सॉफ्टवेयर पर पूर्ण रूप से अपडेट होना शेष है, जिसे निगम द्वारा शीघ्र ही पूर्ण कर दिया जाएगा। ऐसे में आधिकारिक जानकारी आने से पहले किसी भी प्रकार के भ्रम से बचना आवश्यक है।
प्रदीप चौधरी ने बताया कि नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिन नागरिकों ने पूर्व में हाउस टैक्स जमा कर दिया है, उन्हें नई व्यवस्था के अंतर्गत मिलने वाली राहत का लाभ समायोजन के रूप में आगामी वर्षों में दिया जाएगा, जिससे भविष्य में कर भार कम होगा।
नई व्यवस्था के प्रमुख बिंदुओं के अनुसार—
मकान की आयु के आधार पर छूट का प्रावधान किया गया है—10 वर्ष तक पुराने मकानों पर 25%, 10 से 20 वर्ष तक पर 32.5% तथा 20 वर्ष से अधिक पुराने मकानों पर 40% तक की छूट मिलेगी।
ऑनलाइन भुगतान करने पर 1% की छूट प्रदान की जाएगी, जो आगामी अवधि में बढ़ाकर 2% किए जाने का प्रावधान है।
गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग देने वाले नागरिकों को 10% अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
जिन नागरिकों ने अभी तक कर जमा नहीं किया है, वे निर्धारित अवधि (15 अप्रैल 2026 से 15 जुलाई 2026) के बीच भुगतान करने पर 20% तक की छूट एवं ब्याज में राहत प्राप्त कर सकेंगे।
नई दरें प्रभावी रूप से पूर्व अवधि (एक अप्रैल 2024) से लागू मानी जाएंगी।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि नगर निगम द्वारा सड़क की चौड़ाई एवं मकान की श्रेणी के आधार पर भी कर निर्धारण किया गया है, जिससे व्यवस्था अधिक तर्कसंगत और पारदर्शी बन सके।
प्रदीप चौधरी ने विनम्रतापूर्वक अनुरोध किया कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी साझा करने अथवा उसके आधार पर कोई भी निर्णय लेने से पूर्व नगर निगम के अधिकृत स्रोतों से जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि संयम और सही जानकारी ही किसी भी भ्रम की स्थिति को समाप्त करने का सर्वोत्तम माध्यम है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे समय पर गृह कर जमा कर नगर निगम की विकास योजनाओं में सहभागी बनें और गाजियाबाद को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने में अपना योगदान दें।
अंत में उन्होंने कहा कि “सही और प्रमाणिक जानकारी पर आधारित सहभागिता ही शहर के समग्र विकास का आधार है। आइए, हम सभी मिलकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।”





Post A Comment: