ब्यूरो चीफ मनोज कुमार:
दिल्ली। 19 अप्रैल 2026 को सुप्रसिद्ध “ट्रू मीडिया चैनल एवं पत्रिका” के तत्वाधान में एक गरिमामय और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन ट्रू मीडिया के संस्थापक एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित हुआ, जिसमें साहित्य, समाजसेवा और पत्रकारिता से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सविता चड्ढा ने की। जिन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ट्रू मीडिया केवल एक पत्रिका या चैनल नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता का एक सशक्त मंच है, जिसकी नींव स्वर्गीय प्रजापति जी ने अपने अथक परिश्रम और दूरदर्शिता से रखी।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नेपाल से पधारी माननीय आनंदी पंत (संविधान सभा सदस्य, नेपाल) रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में भारत-नेपाल की सांस्कृतिक और साहित्यिक एकता को रेखांकित करते हुए कहा कि ट्रू मीडिया जैसे मंच दोनों देशों के बीच संवाद और रचनात्मक सहयोग को और मजबूत बनाते हैं।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में नेपाल से आए श्री हेमबाबू लेखक, श्रीमती तारा पल्लवी एवं श्री रमेश पंत मीतबंधु ने भी अपने विचार साझा किए और स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी के योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन ट्रू मीडिया पत्रिका के संपादक डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति ने किया। उन्होंने ट्रू मीडिया की 15 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार यह मंच निरंतर साहित्य और समाज के विविध मुद्दों को उठाते हुए एक सशक्त आवाज बना है।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने विशेष रूप से स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी और डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति के योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओतप्रोत रहा। इसी दौरान कवि शिव शंकर लोध राजपूत ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए नेपाल से आए मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों आनंदी पंत, हेमबाबू लेखक और रमेश पंत मीतबंधु को उनके पेंसिल स्केच बनाकर भेंट किए, जिसे सभी ने अत्यंत सराहा। ओमप्रकाश प्रजापति ने सभी मंचासीन अतिथियों को शौल एवं ट्रू मीडिया गौरव सम्मान भेट कर सम्मानित किया तथा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र भेट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे। इनमें नयन नीरज नायाब, शिव शंकर लोध राजपूत, रमेश पंत मीतबंधु, हेमबाबू लेखक, आनंदी पंत, डॉ. सविता चड्ढा, अधिवक्ता सत्येंद्र सिंह, पंकज नारायण सक्सेना, प्रेरणा सिंह, डॉ. आर.डी. गौतम ‘विनम्र’, डॉ. रोहित रोज, तारा पल्लवी, कमलेश कुमार प्रजापति, डॉ. पुष्पा जोशी, पूजा श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र प्रयागी, अशोक गुप्ता, अशोक कुमार, डॉ. अर्चना गर्ग, संगीता पीयूष, कुमार सुबोध, लक्ष्मी अग्रवाल, बबली सिन्हा वान्या, डॉ. पूजा भारद्वाज, ज्योति जुलका, ऋचा गौड़, डॉ. कविता मल्होत्रा, प्रणव कुमार, अरुण कुमार ‘अरुण’, डॉ. संजय जैन एवं डॉ. उर्वी उदल सहित अनेक वक्ताओं ने ट्रू मीडिया की उपलब्धियों, स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी के सामाजिक योगदान और डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति के नेतृत्व की सराहना की।
वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि ट्रू मीडिया ने पिछले 15 वर्षों में साहित्य, संस्कृति एवं समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को मंच प्रदान किया है और सकारात्मक पत्रकारिता का एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वर्गीय लालसिंह प्रजापति जी के आदर्श आज भी इस संस्था को प्रेरित कर रहे हैं और उनके विचारों को आगे बढ़ाने में डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल एक श्रद्धांजलि सभा था, बल्कि ट्रू मीडिया की उपलब्धियों और उसके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक संगोष्ठी भी साबित हुआ।




Post A Comment: