ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली:
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में मंगलवार सुबह एक लोहे का पुल अचानक गिर गया, जिसके मलबे मे दबने से एक महिला की मौत हो गयी। बताया जा रहा है यह महिला पुल के पास भीख मांगती थी। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पुल काफी जर्जर था और पिछले 6 महीने से पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर पुल को बंद किया हुआ था। उसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग यहां से पैदल आते-जाते थे।
पुलिस ने बताया उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब ब्लॉक-3 के पास स्थित एक पुराना लोहे का पुल अचानक ढहकर नाले में गिर गया। घटना की सूचना सुबह करीब 9:28 बजे पुलिस को मिली, जिसके तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त बचाव अभियान शुरू किया। मलबे की तलाशी के दौरान नाले से एक महिला का शव बरामद किया गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, एक महिला भिखारी अक्सर पुल के किनारे पर बैठकर भीख मांग कर गुजारा करती थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह शव उसी महिला का हो सकता है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मृतका की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
दिल्ली के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश सिंह वर्मा ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है जिससे 48 घंटो मे अपनी रिपोर्ट सौपने के लिए बोला है। प्रवेश सिंह वर्मा ने कहा “हमने संरचना की स्थिति और ढहने के कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी,”। इसके अलावा, मंत्री ने निर्देश दिया है कि दिल्ली भर में इसी तरह के सभी लोहे के फुट ओवरब्रिजों की व्यापक संरचनात्मक जांच की जाएगी ताकि उनकी सुरक्षा का आकलन किया जा सके और भविष्य में ऐसी कोई घटना न हो।




Post A Comment: