ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली: 

नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दल्लूपुरा गांव में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गयी। अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि गोली गलती से चली थी या युवक ने जानबूझ कर खुद को गोली मारी है। इस मामले की एक वीडियो सामने आई है जिसमे मृतक पिस्तौल मे मैगजीन लगाने के बाद गोली लोड करता हुआ दिखाई दे रहा है और अचानक उसने अपने सीने पर पिस्तौल लगाई और गोली चल गयी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस को 16 मार्च को वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल से गोली लगने से घायल एक व्यक्ति के मेडिको-लीगल केस (एमएलसी) की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां दल्लूपुरा गांव निवासी पवन कुमार (28) को अचेत अवस्था में लाया गया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना दल्लूपुरा गांव में हुई। पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने अस्पताल के साथ-साथ घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पवन कुमार ने अपने चचेरे भाई हिमांशु के लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी। पुलिस ने मौके से पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही हिमांशु का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है, जिसमें घटना का वीडियो रिकॉर्ड मिला है। वीडियो में पवन को खुद हथियार संभालते हुए और गोली चलाते हुए देखा जा रहा है, जबकि हिमांशु मौके पर मौजूद था और वीडियो बना रहा था। एमएलसी रिपोर्ट, वीडियो साक्ष्य और अन्य परिस्थितियों के आधार पर न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




Share To:

Post A Comment: