ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर गाजियाबाद के संजय नगर रामलीला ग्राउंड में एक अनोखा और हृदयस्पर्शी दृश्य देखने को मिला। युवा समाजसेवी दक्ष त्यागी की विशेष उपस्थिति और आशीर्वाद से 21 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस आयोजन ने न केवल समाज में सेवा की मिसाल कायम की, बल्कि भक्ति और सामाजिक एकता का भी अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

श्री जगन्नाथ राधा रानी चैरिटेबल सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 9 फरवरी से चल रही श्रीमद भागवत कथा का भी आज विधि-विधान से समापन हुआ। मुख्य आकर्षण रहे युवा समाजसेवी दक्ष त्यागी, जिन्होंने विशिष्ट अतिथि के रूप में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। दक्ष त्यागी ने इस अवसर पर कहा, "महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व गरीब परिवारों की बेटियों के लिए सुखद गृहस्थ जीवन की शुरुआत का प्रतीक बना। ऐसे सामूहिक विवाह समाज में समानता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। मैं इन जोड़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और ऐसे पुनीत कार्यों में हमेशा सहयोग के लिए तैयार हूं।"

कार्यक्रम में अध्यात्म जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं, जिनमें श्री धाम वृंदावन से पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी वेदानंद गिरी जी महाराज, श्री धाम गंगोत्री से पूज्य स्वामी अद्वैतानंद गिरी जी महाराज, परम पूज्या साध्वी श्रद्धाजी महाराज प्रमुख थे। संतों ने शिव-विवाह के प्रसंग पर प्रकाश डालते हुए नवदंपत्तियों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया।

विशेष अतिथियों में स्थानीय पार्षद उमेश पप्पू नागर, हरेंद्र अग्रवाल, सुभाष गुप्ता, सुरेश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, विवेक त्यागी, विनीत त्यागी, वीर सिंह जाटव, सतीश गर्ग और आनंद प्रकाश गर्ग ने भी शिरकत की। कथा व्यास श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े से स्वामी शिवानंद गिरि जी महाराज ने गृहस्थ धर्म की महत्ता पर जोर दिया।

आयोजकों ने बताया कि संतों के चरणों की धूल से पूरा प्रांगण धन्य हो गया। हजारों श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के संरक्षक रविंद्र सिंह राणा, डॉ. उमेश गर्ग, डॉ. आलोक गुप्ता, अध्यक्ष अमित गुप्ता, महामंत्री कपिल गोयल, सचिव पूजा गुप्ता सहित दर्जनों गणमान्य नागरिकों ने इस नेक कार्य में सक्रिय योगदान दिया।



Share To:

Post A Comment: