ग़ाज़ियाबाद : बृजेश श्रीवास्तव। उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं ग़ाज़ियाबाद प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने अपने जन्मदिन के अवसर को एक नई दिशा देते हुए विकास को समर्पित किया। उन्होंने शुक्रवार को आयोजित ऑनलाइन मैराथन बैठक में संगठन और शासन-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग़ाज़ियाबाद को विकास की नई रफ्तार देने पर जोर दिया।

बैठक की शुरुआत में सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, जिस पर मंत्री ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि –

"मेरा जन्मदिन तभी सार्थक होगा जब हम ग़ाज़ियाबाद को विकास का मॉडल शहर बनाने में सफल होंगे।"

बैठक में जिलाधिकारी रविंद्र मादड़, कमिश्नर रविंद्र गौड़, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला अध्यक्ष चैनपाल सिंह, सदर विधायक संजीव शर्मा और लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर उपस्थित रहे।

बैठक में प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई –

नगर निगम का हाउस टैक्स बढ़ोतरी का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने खोड़ा नगर पालिका की सड़क, स्वच्छता, जल निकासी व पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकताओं को तत्काल पूरा करने की मांग की। उन्होंने राजनगर डिस्टिक सेंटर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और बंद किए गए मार्ग को खोलने का भी प्रस्ताव रखा।

विधायक संजीव शर्मा ने अपने विधानसभा की विकास योजनाओं के साथ-साथ नगर निगम हाउस टैक्स को जनता पर भारी बोझ बताते हुए इसे तर्कसंगत बनाने पर जोर दिया।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर और जिला अध्यक्ष चैनपाल सिंह ने लोनी क्षेत्र की सड़क, जलभराव, ट्रैफिक और पुलिस व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की।

प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा –"ग़ाज़ियाबाद को विकास का मॉडल शहर बनाने के लिए 100 प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण, औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, सीवर, विद्युत व अन्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और व्यापारियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।" उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग को और भी मुस्तैदी से परफॉर्म करना होगा और कानून-व्यवस्था सुधारना प्राथमिकता होगी। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने हेतु सभी बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि "Ease of Doing Business" पर विशेष फोकस रखते हुए औद्योगिक विकास और जनसुविधाओं के संतुलन से ग़ाज़ियाबाद को उत्तर प्रदेश के अग्रणी शहर के रूप में स्थापित किया जाएगा।



Share To:

Post A Comment: