साहिबाबाद। इंदिरापुरम ज्ञानखंड चार स्थित सरकारी कन्या विद्यालय में निःशुल्क टीकाकरण केंद्र अनवरत चालू है। कोरोना के खिलाफ निर्णायक जंग में वैक्सीनेशन ही सबसे बड़ा हथियार बन कर सामने आया है। ज्ञानखंड के इस टीकाकरण केंद्र में ना सिर्फ इंदिरापुरम बल्कि वैशाली, वसुंधरा, नोएडा एवं ग़ाज़ियाबाद से भी लोग वैक्सीनेशन के लिए आ रहे हैं। 

वरिष्ठ डॉक्टर स्मृति शर्मा की देखरेख में यहाँ रोज़ लगभग 700 लोगों का निःशुल्क वैक्सीनेशन हो रहा है। मेडिकल टीम से सिस्टर करुणा, सिस्टर गायन्ती, सिस्टर निधि, सिस्टर संजू एवं सिस्टर प्रियंका पूरी मेहनत के साथ अपनी ड्यूटी कर रहीं हैं। 

इस केंद्र की पूरी व्यवस्था भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली हुई है। यहाँ 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले सीधे आकर बिना स्लॉट के टीका लगवा सकते हैं। पर 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वालों के लिए स्लॉट लेना आवश्यक है।

रोज केंद्र पर आकर व्यवस्था संभालने वाले भाजपा के नवनीत सोनी ने बताया कि जनता की सेवा करने के उद्देश्य से हम लोग यहाँ अपना पूरा समय देते हैं। बुज़ुर्गों को और चलने में जिनको दिक्कत है उनको कार में बैठे बैठे ही टीका लगवा दिया जाता है। अपर्णा मिश्रा ने बताया कि हम लोग सभी का रजिस्ट्रेशन भी करते हैं और सभी के लिए बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था भी करते हैं। 

इस केंद्र पर नियमित रूप से व्यवस्था देखने वाले प्रमुख कार्यकर्ताओं में संजीव शर्मा, दिनेश सिंह, प्रमोद तिवारी, मनोज डागा, नवनीत सोनी, अपर्णा मिश्रा, आंचल कांबोज, अभिषेक त्यागी, जयश्री सिन्हा एवं सौरभ त्यागी आदि हैं।

Share To:

Post A Comment: