नई दिल्ली : पुनीत माथुर। भोपाल के मिसरोद इलाके में हुए बच्ची के अपहरण की गुत्थी पुलिस ने 18 घंटे में ही सुलझा ली है। बच्ची का अपहरण करने वाला उसका परिचित ही है और उसका कहना है कि वह बच्ची की मां से प्रेम करने लगा था। उसने अपनी प्रेमिका को दूर जाने से रोकने के लिए बच्ची का अपहरण किया था।

मामले का खुलासा करते हुए एएसपी संजय साहू ने बताया कि मिसरोद इलाके में करीब 25 दिन पहले एक परिवार रहने आया। पति-पत्नी अपनी 5 साल की मासूम के साथ किराए के एक मकान में रहने लगे। काम न मिलने पर पति एक कॉलोनी में गार्ड का काम करने लगा। 

यहीं पर उसकी पहचान 23 वर्षीय रामचरण से हुई। युवक का घर आना-जाना हो गया। बच्ची के पिता ने बताया कि रविवार की  शाम करीब 4 बजे उनकी बेटी गायब हो गई। इसकी शिकायत उन्होंने रविवार रात करीब 12.30 बजे पुलिस से की। 

पूछताछ के बाद पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस को रामचरण पर शक हुआ। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने बच्ची के अपहरण की बात स्वीकार ली।

आरोपित रामचरण ने पुलिस को बताया कि वह बच्ची की 24 साल की मां से प्यार करने लगा था। अब बच्ची की मां परिवार समेत भोपाल छोड़कर जा रही थी। ऐसे में उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था। उसे लगा कि बच्ची को यहां-वहां छोड़ देगा तो परिवार उसे खोजने के लिए यहीं रुक जाएगा। इसीलिए वह बच्ची को बागसेवनिया इलाके में अपनी बुआ के यहां छोड़ आया।

मिसरोद पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे बच्ची को आरोपित के बताए घर से बरामद कर लिया। वह सही सलामत है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
Share To:

Post A Comment: