ग़ाज़ियाबाद। वेव सिटी के सेक्टर-5 में लगभग 20 पेड़ों की शाखाएं काटकर उन्हें ठूंठ जैसा बना देने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता जीवन पंत के आग्रह पर वन विभाग ने आज क्षेत्र का निरीक्षण किया।
पंत के अनुसार, उन्होंने पहले ही पेड़ों में कीटों के प्रकोप की सूचना वन विभाग को दी थी, जिस पर विभाग ने सर्वे भी कराया था। उनका आरोप है कि कीटों की समस्या की आड़ में पेड़ों की व्यापक छंटाई कर दी गई, जबकि समय रहते उनके उपचार के उपाय किए जा सकते थे।
पंत ने बताया कि स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने सचिव, वन विभाग से हस्तक्षेप का अनुरोध किया, जिसके बाद गाजियाबाद वन विभाग ने मामले में कार्रवाई शुरू की। उनके अनुसार, अधिकारियों ने वन अधिनियम, 1976 की धारा 4 एवं 10 के तहत वेव सिटी प्रबंधन के विरुद्ध कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी दी है।
पंत ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पेड़ों की छंटाई की अनुमति एवं तकनीकी आधार की जांच हो और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के बीच पेड़ों का संरक्षण प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की प्राथमिकता होनी चाहिए।




Post A Comment: