ग़ाज़ियाबाद। शुक्रवार 17 जुलाई को जनपद गाजियाबाद में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा कुशलपाल त्यागी मेमोरियल डिग्री कॉलेज, रावली रोड, मुरादनगर में आयोजित "मुरादनगर एवं मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र की विकास परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह" में 868 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 90 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप, आवास की चाबी एवं प्रशस्ति-पत्र वितरित किए गए।
स्वर्गीय राजपाल सिंह त्यागी को दी श्रद्धांजलि: -
अपने संबोधन के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि स्वर्गीय राजपाल सिंह त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनसेवा एवं सार्वजनिक जीवन में दिए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि छह बार विधायक निर्वाचित होना उनकी लोकप्रियता एवं जनस्वीकार्यता का प्रमाण है। उद्बोधन से पूर्व मुख्यमंजी ने स्व. राजपाल त्यागी की मूर्ति का अनावरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
अन्नप्राशन संस्कार व गोदभराई रस्म: -
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर स्थापित विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने विराज एवं रिधिमा का अन्नप्राशन संस्कार सम्पन्न कराया तथा काजल एवं रेखा की गोदभराई की रस्म निभाकर मातृ एवं शिशु कल्याण योजनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री जी को प्रतिमा भेंट कर किया स्वागत: -
मुख्यमंत्री के मंच पर पधारने पर विधायक मुरादनगर अजीतपाल त्यागी द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल द्वारा गदा तथा जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा भगवान शिव की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
ग़ाज़ियाबाद के विकास एवं सुशासन की बदली तस्वीर: -
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय गाजियाबाद गुंडागर्दी, गंदगी एवं अराजकता जैसी समस्याओं के लिए चर्चित था तथा जनपद की छवि को लेकर विभिन्न प्रकार की नकारात्मक चचार्एं होती थीं। आज वही गाजियाबाद विकास, सुशासन एवं आधुनिक आधारभूत संरचना के कारण राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री जी ने आगे कहा कि अब गाजियाबाद दिल्ली ग्रोथ इंजन का काम कर रहा है। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि गाजियाबाद इतनी तीव्र गति से विकास करेगा और प्रदेश के प्रमुख विकास मॉडलों में अपनी पहचान बनाएगा। आज जनपद में सड़क, परिवहन, सुरक्षा, निवेश एवं शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सुशासन का आधार सुदृढ़ कानून व्यवस्था है। जहां सुरक्षा का वातावरण होता है, वहीं सुशासन स्थापित होता है। जहां सुशासन होता है, वहां रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और जहां रोजगार उपलब्ध होते हैं, वहां विकास स्वत: गति प्राप्त करता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गाजियाबाद देश की अर्थव्यवस्था एवं विकास को गति प्रदान करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के विकास इंजन के रूप में उभरकर सामने आया है।
आधारभूत संरचना एवं कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास: -
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में संचालित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाएं विकास की नई गाथा लिख रही हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे तथा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया है तथा आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा दिल्ली-मेरठ नमो भारत रेल परियोजना (रैपिड रेल) को लेकर अनेक आशंकाएं व्यक्त की गई थीं तथा इसकी लागत को आधार बनाकर परियोजना को आगे बढ़ाने में रुचि नहीं दिखाई गई। वर्तमान सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता देते हुए केंद्र सरकार के सहयोग से इसे धरातल पर उतारने का कार्य किया। परिणामस्वरूप आज दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा का समय उल्लेखनीय रूप से कम हुआ है तथा लगभग तीन घंटे की दूरी लगभग 40 मिनट में तय की जा रही है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश में 12 लेन तक की आधुनिक एक्सप्रेस-वे परियोजनाएं विकसित की गई हैं। हिंडन सिविल टर्मिनल के माध्यम से क्षेत्रवासियों को वायु सेवाओं की सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके साथ ही सड़कों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों ने जनपद की तस्वीर बदलने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यही विकास का वह मॉडल है, जिसने गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों को नई पहचान प्रदान की है। जनपद में विकास की यह निरंतर धारा जनता द्वारा विकासोन्मुख एवं जनहितैषी नेतृत्व को दिए गए समर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनपद की प्रगति एवं उपलब्धियों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिनके प्रयासों से विकास योजनाओं को गति मिली है।
विपक्षी दलों की नीतियों एवं कार्यप्रणाली पर टिप्पणी: -
मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश में विकास कार्यों को अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल रही थी। उस समय प्रदेश बेरोजगारी, दंगों, अपराध, भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्था जैसी समस्याओं से जूझ रहा था, जिसके कारण विकास की गति प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने भी स्वीकार किया था कि केंद्र से भेजी गई सहायता राशि का पूरा लाभ पात्र लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाता था। मै 100 रुपए भेजता हूं तो पात्र व्यक्ति तक 15 रुपए ही पहुंच पाते है। वर्तमान सरकार ने पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था विकसित कर योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य किया है। 2017 की पूर्व की सरकारों के जनप्रतिनिधि 12 बजे जगते थे और 2 बजे जिम जाते थे, वापस आकर अपनों से ही घिरे रहते थे किन्तु आज ऐसा नहीं है। हर जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विकास कार्य में लगे रहते हैं। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज निराश्रित पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को बिना किसी भेदभाव एवं पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, सुशासन एवं निवेश अनुकूल वातावरण के कारण गाजियाबाद में नए निवेश आकर्षित हो रहे हैं तथा स्वच्छता एवं सुरक्षा के क्षेत्र में भी जनपद ने उल्लेखनीय पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गाजियाबाद विकास, निवेश, आधारभूत संरचना एवं सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है और अपनी सकारात्मक उपलब्धियों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
विपक्षी दलों की आस्था संबंधी राजनीति पर टिप्पणी: -
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी आस्था और धार्मिक परंपराओं की बात करती हैं, जबकि उनके पूर्व के निर्णय और कार्यप्रणाली इससे भिन्न रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में कांवड़ यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों को लेकर अनेक प्रकार की आपत्तियां एवं प्रतिबंध लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी, दुर्गा पूजा तथा कांवड़ यात्रा जैसे धार्मिक आयोजनों के प्रति नकारात्मकता थी और इन धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाई। कांवड़ यात्रा को लेकर जारी पूर्ववर्ती प्रतिबंधात्मक व्यवस्थाओं को वर्तमान सरकार ने समाप्त किया तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा रहा है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों में इस प्रकार की प्रतिबद्धता दिखाई नहीं देती थी।
उन्होंने कहा कि आस्था केवल वक्तव्यों से नहीं, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के सम्मान के लिए किए गए कार्यों से परिलक्षित होती है।
कांवड़ यात्रा एवं धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर: -
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रदेश की आस्था, सांस्कृतिक परंपरा एवं सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा की मयार्दा बनाए रखते हुए प्रेम, सौहार्द, अनुशासन एवं उत्साह के साथ यात्रा सम्पन्न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार से इसकी गरिमा एवं मयार्दा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत गाजियाबाद से हरिद्वार तक कांवड़ मार्ग का विकास किया गया है तथा यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। गाजियाबाद स्थित श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर में भव्य कॉरिडोर का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त काशी विश्वनाथ धाम सहित प्रदेश के अनेक प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास एवं सौंदर्यीकरण कर उन्हें नई पहचान प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि आस्था केवल शब्दों से व्यक्त नहीं होती, बल्कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा विकास के लिए किए गए कार्यों से परिलक्षित होती है। इसी क्रम में गाजियाबाद में हरनंदीपुरम के विकास सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए गए लाभ: -
—उत्तर प्रदेश बाल सेवा योजना के अंतर्गत लैपटॉप वितरण—धनंजय तोमर (कक्षा 12), रिहा जैन (कक्षा 11)
—मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना चैक वितरण—सहन्सरपाल सिंह, पूर्व प्रधान/प्रशासक, ग्राम पंचायत निकोली रावली, विकास खंड मुरादनगर — 30 लाख रुपये, राजेश कुमार, पूर्व प्रधान/प्रशासक, ग्राम पंचायत मटचन पोता, विकास खंड भोजपुर — 15 लाख रुपये। —मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) चाबी(सांकेतिक) वितरण—कविता, ग्राम मनौली छज्जूपुर, विकास खंड मुरादनगर, मोमीना, ग्राम असीलपुर उझैड़ा, विकास खंड मुरादनगर। —प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) चाबी(सांकेतिक) वितरण— कृष्ण कुमार, डासना गेट, गाजियाबाद। —ओडीओपी योजना के अंतर्गत चेक वितरण— लक्ष्य मित्तल — 50 लाख रुपये (इंजीनियरिंग कार्य), उर्मिला त्रिपाठी — 50 लाख रुपये (इंजीनियरिंग कार्य)। —मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना चैक वितरण— सौरभ गर्ग — 4.25 लाख रुपये (सरसों ऑयल परियोजना), रोबिन कुमार — 4.293 लाख रुपये (सीएनसी/उद्योग परियोजना)।
गणमान्यों ने किया संबोधित: -
कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार तथा विधायक, साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार नरेन्द्र कश्यप, सांसद गाजियाबाद अतुल गर्ग, सांसद बागपत राजकुमार सांगवान, विधायक मोदीनगर डॉ० मंजू सिवाच एवं विधायक मुरादनगर अजीतपाल त्यागी द्वारा संबोधित किया गया। अपने संबोधन में सभी वक्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि स्वर्गीय राजपाल सिंह त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनसेवा, सामाजिक योगदान एवं राजनीतिक जीवन का स्मरण किया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार के नेतृत्व में जनपद गाजियाबाद में संचालित एवं पूर्ण की गई विकास परियोजनाओं, आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जनपद की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की विकासोन्मुख नीतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजन: -
कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिम उत्तर प्रदेश भाजपा नवाब सिंह नागर, कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप, गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, मोदीनगर विधायक डॉ० मंजू सिवाच, सदर विधायक संजीव शर्मा, लोनी विधायक नन्दकिशोर गुर्जर, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य दिनेश गोयल सहित अन्य गणमान्यजन एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ पूनम शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुरादनगर व विधान सभा क्षेत्र के लोगों सहित जनपदभर से हजारों लोग उपस्थित रहे।













Post A Comment: