ग़ाज़ियाबाद। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, हरनंदी महानगर को इंदिरापुरम के शक्तिखंड क्षेत्र स्थित हाउस नंबर 722 के तृतीय तल एवं उसकी छत पर कथित रूप से अवैध तरीके से निर्मित संरचना के भीतर जादू-टोना, काला जादू, तंत्र-मंत्र एवं अन्य तांत्रिक गतिविधियों के संचालन संबंधी सूचना प्राप्त हुई। स्थानीय निवासियों द्वारा भी इस संबंध में गंभीर आशंकाएँ एवं आपत्तियाँ व्यक्त की गईं।

सूचना प्राप्त होने के पश्चात स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ताओं द्वारा मौके पर जाकर स्थिति की जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान वहाँ कुछ संदिग्ध वस्तुएँ, खोपड़ी एवं कंकाल जैसी प्रतीत होने वाली सामग्री तथा ऐसे पुतले एवं सामग्री मिलने की बात सामने आई, जिन्हें स्थानीय लोग तांत्रिक गतिविधियों से संबंधित मान रहे हैं। 

इस पूरे मामले की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई तथा लिखित तहरीर भी सौंपी गई। इस दौरान पुलिस द्वारा पूरे प्रकरण की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी की गई। जैसे ही इस विषय की सूचना इंदिरापुरम क्षेत्र के नागरिकों एवं हिंदू समाज को प्राप्त हुई, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हुए और प्रशासन से मांग की कि रिहायशी क्षेत्र में संचालित होने वाली किसी भी प्रकार की संदिग्ध एवं तांत्रिक गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

स्थानीय निवासियों द्वारा एक हस्ताक्षर अभियान चलाकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज, महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने यह भी चिंता व्यक्त की कि देश में समय-समय पर तंत्र-मंत्र एवं अंधविश्वास से जुड़े अपराध, मानव बलि, बच्चों के अपहरण एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं, इसलिए ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर शीघ्र कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रशासन को 48 घंटे के भीतर उचित कदम उठाने का आग्रह किया गया है, जिससे क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।

इसके अतिरिक्त गाज़ियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) को भी उक्त स्थल पर कथित अवैध निर्माण की सूचना देते हुए अनुरोध किया गया है कि रिहायशी क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध किए गए निर्माण एवं किसी भी अवैध गतिविधि के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: