ग़ाज़ियाबाद। भारत विकास परिषद, गाज़ियाबाद (मुख्य शाखा) का शपथ ग्रहण समारोह एवं प्रथम सामान्य सभा शनिवार 25 अप्रैल को होटल मेडन रेजिडेंसी, पांडव नगर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् एवं हनुमान चालीसा के साथ किया गया। प्रारंभ में शालिनी वर्मा द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण गणेश वंदना ने सभी उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर सीए संजीव प्रकाश अग्रवाल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025–26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया।
वर्ष 2026–27 हेतु चयनित पदाधिकारियों अध्यक्ष अभिषेक सिंघल, सचिव सीए संजीव प्रकाश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष नवीन प्रकाश गुप्ता ने विधिवत शपथ ग्रहण कर अपने पद संभाले। अधिष्ठापन अधिकारी प्रांतीय महासचिव मुक्ता अग्रवाल द्वारा सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा उनका अभिनंदन किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक सिंघल ने अपने संबोधन में परिषद के संपर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा एवं समर्पण के मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए समाज सेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाने तथा सदस्यता विस्तार पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर शाखा के लिए हर्ष का विषय रहा कि 3 सदस्यों ने “विकास रत्न” एवं 5 सदस्यों ने “विकास मित्र” बनने की सहमति प्रदान की, जिसे शाखा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गाज़ियाबाद विभाग प्रचारक अतुल कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में परिषद के सेवा भाव को राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग तक पहुँचकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उनके साथ देवेंद्र कुमार (गाज़ियाबाद विभाग कार्यवाह), मनमीत (विभाग सह-सम्पर्क प्रमुख), बहादुर (महानगर प्रचारक) एवं राजेंद्र शर्मा (महानगर प्रचार प्रमुख) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रांतीय उपाध्यक्ष लोकेश शर्मा ने की। प्रांतीय महासचिव मुक्ता अग्रवाल अधिष्ठापन अधिकारी के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही प्रांतीय वित्त सचिव प्रवेश चंद्र गुप्ता, प्रांतीय मार्गदर्शक सीए अनिरुद्ध अग्रवाल एवं पूर्व प्रांतीय कोषाध्यक्ष अरविंद गर्ग सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। शाखा सदस्य संगीता जैन द्वारा प्रस्तुत स्वरचित कविता “भारतीय नारी” को विशेष सराहना मिली।
इस अवसर पर 5 नए परिवारों को परिषद की सदस्यता प्रदान की गई, वहीं 7 पूर्व सदस्यों ने भी पुनः शाखा से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।
कार्यक्रम में लगभग 130 सदस्यों एवं अतिथियों की उपस्थिति रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





Post A Comment: