पांचों जोन में 50 से अधिक स्थानों पर लगाए गए मटके वाले प्याऊ
ग़ाज़ियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा बढ़ती गर्मी को देखते हुए शहर में सार्वजनिक स्थानों पर स्थाई प्याऊ लगाए गए हैं। पांचों जोन के अंतर्गत लगभग 50 से अधिक स्थानों पर मटके वाले प्याऊ लगाए गए हैं। राहगीरों को प्यास बुझाने के लिए मटके वाले प्याऊ से पानी मिल रहा है राहत मिल रही है। ऐसे स्थान जहां यात्रियों, रिक्शा चालक तथा राहगीरों का आना-जाना लगा रहता है स्थान को चयन करते हुए प्याऊ लगाए गए हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश अनुसार जलकल विभाग टीम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर मटके वाले प्याऊ लगाए गए हैं, जिसका लाभ राहगीरों को मिल रहा है।
नगर आयुक्त ने बताया कि बढ़ती गर्मी में सड़कों पर लगातार चलने वालों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है। शुद्ध और शीतल पेयजल की व्यवस्था के क्रम में सार्वजनिक स्थलों पर मटके रखे गए हैं। कैनेपी बनाई गई है जिसमें मटकों को सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया है। दिन में पांच बार मटको को पानी से भरने का कार्य जलकल विभाग द्वारा किया जा रहा है। प्याऊ पर पानी पिलाने के लिए भी टीम लगाई गई है। कैनेपी और अन्य माध्यम से मटकों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर्ड किया गया है। आवश्यकता को देखते हुए अस्थाई मटके वाले प्याऊ की संख्या बढ़ाई जाएगी।
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि स्थान का चयन करने के उपरांत अस्थाई प्याऊ सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए हैं। जिसमें सिटी जोन अंतर्गत न्यू आर्य नगर, बजरिया, रेलवे स्टेशन, घंटाघर, पटेल नगर, मरियम नगर, एमएमजी अस्पताल के सामने लगाया गया है। इंदिरापुरम क्षेत्र में मंगल चौक शक्ति खंड 1, ज्ञान खंड 4, स्वर्ण जयंती पार्क के गेट पर, अभय खंड तिरंगा चौक पर अस्थाई प्याऊ लगाए गए हैं। विजयनगर क्षेत्र में ए ब्लॉक सेक्टर 11 प्रताप विहार, कैलाश नगर पुलिस चौकी के सामने, विजयनगर थाने के सामने, लीलावती चौक तथा गौशाला फाटक पर अस्थाई मटके वाले प्याऊ लगाए गए हैं।
कवि नगर जोन अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर, आरडीसी फ्लावर के नीचे, हिंट चौक, कवि नगर H बलॉक, संजय नगर L ब्लॉक टेंपो स्टैंड, हापुर चुंगी में प्याऊ लगाया गया है। वसुंधरा में किसान चौक सेक्टर 10, अटल चौक सेक्टर 15, बुद्धि चौक सेक्टर 7, वैशाली सेक्टर 4 मार्केट एरिया में प्याऊ लगाए गए हैं। मोहन नगर जोन अंतर्गत अप्सरा बॉर्डर, श्याम पार्क मेट्रो स्टेशन, राजेंद्र नगर में स्कूल के पास, शालीमार गार्डन 50 फुटा रोड, हिंडन एयर फोर्स के पास अस्थाई मटके वाले प्याऊ लगाए गए हैं।
इसके अलावा आवश्यकता को देखते हुए अन्य स्थानों का भी चयन किया जा रहा है जहां पर पेयजल की व्यवस्था करने के लिए अस्थाई प्याऊ लगाए जाएंगे। विशेष रूप से स्कूल, रेलवे स्टेशन, अस्पताल, बैंक, मेट्रो स्टेशन, बस अड्डा पर जहां अधिक संख्या में यात्रीगण तथा राहगीर उपस्थित होते हैं अस्थाई प्याऊ लगाए जाएंगे।







Post A Comment: