ग़ाज़ियाबाद। ग़ाज़ियाबाद में तीव्र शहरीकरण एवं बहुमंजिला इमारतों की बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) द्वारा जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को बोर्ड से परिचालन (circulation) के माध्यम से अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है।

इस अनुमोदन के अंतर्गत अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने हेतु लगभग ₹100 करोड़ की धनराशि की स्वीकृति गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा विधिवत प्राप्त की जा चुकी है। उक्त स्वीकृति के क्रम में अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग को धनराशि उपलब्ध कराए जाने हेतु पत्र प्रेषित किया जा चुका है, जिसमें उनसे आवश्यक विवरण/खाता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि शीघ्रतापूर्वक धनराशि उनके खाते में स्थानांतरित की जा सके।

प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित योजना के अंतर्गत लगभग 102 मीटर ऊंचाई तक कार्य करने में सक्षम 02 अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उच्च-ऊंचाई वाली इमारतों में आग लगने की स्थिति में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी बचाव कार्य संभव हो सकेगा।

प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुरूप गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा यह पहल त्वरित रूप से क्रियान्वित की जा रही है और संबंधित विभाग से अपेक्षा की गई है कि आवश्यक विवरण शीघ्र उपलब्ध कराते हुए प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण किया जाए, जिससे जनहित में इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जा सके।

यह कदम न केवल अग्निशमन विभाग की कार्यक्षमता को नई मजबूती प्रदान करेगा, बल्कि शहर को एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आपदा-प्रबंधन के लिए बेहतर रूप से तैयार बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



Share To:
Next
This is the most recent post.
Previous
Older Post

Post A Comment: