ग़ाज़ियाबाद। सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के ''नव निर्माण के नौ वर्ष'' पूर्ण होने के उपलक्ष एवं शासनादेश के क्रम में जनपद गाजियाबाद के विकास भवन प्रांगण में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों व उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, विचार गोष्ठी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गए। इस अवसर पर "महिला कल्याण एवं आत्मनिर्भरता विषयक एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनआरएलएम, जिला कार्यक्रम, जिला प्रोबेशन, पुलिस विभाग सहित स्वयंसेवी संस्थाओं एवं शैक्षिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रमों को दो चरणों 11:00 से 01:00 व 03:00 से 05:00 में आयोजित किया जा रहा है।
द्वितीय चरण के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि द्वारा सभी विभागों द्वारा लगाये गए स्टाल का अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन व मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुए द्वितीय चरण के कार्यक्रम का संचालन एनआरएलएम, जिला कार्यक्रम, जिला प्रोबेशन, पुलिस विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी व मंच के माध्यम से सम्बंधित अधिकारियों द्वारा अपने—अपने विभाग में चल रही योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत कराया और सम्बंधित की समस्या को सुनते हुए उनकी शिकायत का मौके पर निस्तारण भी कराया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने एवं उन्हें रोजगार स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है। भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षति, सशक्त व स्वाभिमानी बन रही है। महिलाओं के विकास में भाजपा सरकार निरन्तर प्रयासरत है।
समृद्धि भटनागर संकल्प संस्था ने कहा कि महिलाएं आज किसी भी समय स्वतंत्र रूप से आवागमन कर रही हैं। डॉ. किरण गर्ग (रेड कर समिति) ने कहा कि भारत के इतिहास में महिलाओं का योगदान सदैव महत्वपूर्ण रहा है और वर्तमान में संचालित योजनाओं के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। एहसास सेवा समिति की अमरप्रीत कौर ने कहा कि महिलाओं पर दोहरी जिम्मेदारी होती है, लेकिन स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से उन्हें रोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने "मिशन शक्ति" के अंतर्गत संचालित पिंक बूथों के माध्यम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से रिचा, नीतू कुंडू एवं कोमल देवी ने बताया कि मिशन का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों के गठन के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं में आर्थिक गतिविधियों की समझ विकसित करना है। जनपद गाजियाबाद के सभी विकास खंडों में समूहों को सामुदायिक निधि उपलब्ध कराई जा रही है। महिला कल्याण विभाग से नेहा वालिया ने निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, हेल्पलाइन नंबर्स, के बारे में पूर्ण जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग से बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवानी गुप्ता ने बताया कि आंगनबाड़ी योजना के 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। वर्तमान में जनपद में 6 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, टीकाकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य जांच एवं मातृत्व योजनाओं का सफल संचालन किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से अनीता (एडवोकेट) ने बताया कि पीड़ित महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान की जाती है, तथा अब तक लगभग 100 महिलाओं को इसका लाभमिल चुका है।
अंत में जिला विकास अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं, बल्कि बच्चों को शिक्षा अर्जित करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने समाज में महिलाओं की भागीदारी को आवश्यक बताते हुए बेटियों को समान अधिकार देने पर जोर दिया।
जनपद गाजियाबाद में वर्तमान में लगभग 10,000 "लखपति दीदी" सक्रिय हैं, जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के माध्यम से कलाकारों द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से सम्बंधित नुक्कड़ नाटक, गायन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गए।
कार्यक्रम में सम्बंधित विभागों के अधिकारी/कर्मचारियों सहित सैकड़ों की संख्या में आम जनता उपस्थित रही।



Post A Comment: