ब्यूरो चीफ मनोज कुमार दिल्ली:
पूर्वी दिल्ली के शकरपुर थाना पुलिस ने सोमवार को अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वाले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 46 वर्षीय योगेश गुप्ता नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह बिना किसी लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के अपनी दुकान पर बड़े सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भरने का अवैध काम कर रहा था। इससे आसपास के रिहायशी इलाके के लोगों की जान के लिए खतरा भी बना हुआ था।
पुलिस ने दुकान से दो बड़े घरेलू एलपीजी सिलेंडर (प्रत्येक 14.2 किलोग्राम), तीन छोटे घरेलू सिलेंडर (प्रत्येक 5 किलोग्राम), एक ''तोतापिलास'' (गैस ट्रांसफर करने वाला खास पाइप/उपकरण), एक एलपीजी रिफिलिंग मशीन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन तौलने की मशीन बरामद हुई है।
पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार के अनुसार, 15 मार्च को पुलिस को एक स्थानीय नागरिक से इस अवैध गतिविधि के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शकरपुर स्थित उक्त दुकान पर अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्ति की पहचान 46 वर्षीय योगेश गुप्ता निवासी शकरपुर के रूप में हुई। पुलिस की सख्त पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से 14.2 किलोग्राम वाले बड़े घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर पांच किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडरों में भर रहा था।
आरोपी के पास इस काम को करने के लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था। वहाँ अग्निशमन या बुनियादी सुरक्षा उपकरण भी मौजूद नहीं थे। इससे कभी भी कोई बड़ा ब्लास्ट या हादसा हो सकता था। फिलहाल शकरपुर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।




Post A Comment: